बरेली: नेशनल खिलाड़ी समेत तीन लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर के डीडीपुरम की एक प्लेसमेंट एजेंसी खाड़ी देशों में नौकरी दिलवाने के नाम पर बरेली समेत रेंज के कई युवकों से लाखों रुपये ठग कर फरार हो गई। पीड़ित जब ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा था। आरोपितों ने एक महीने पहले ही प्लेसमेंट एजेंसी खोलकर नौकरी का विज्ञापन निकाला था। आरोपित …
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर के डीडीपुरम की एक प्लेसमेंट एजेंसी खाड़ी देशों में नौकरी दिलवाने के नाम पर बरेली समेत रेंज के कई युवकों से लाखों रुपये ठग कर फरार हो गई। पीड़ित जब ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा था। आरोपितों ने एक महीने पहले ही प्लेसमेंट एजेंसी खोलकर नौकरी का विज्ञापन निकाला था। आरोपित कई युवकों का पासपोर्ट भी साथ लेकर गए हैं। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ितों ने एसएसपी से शिकायत की है। इसके बाद एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
शहर में ठगों ने आकर पॉश इलाके डीडीपुरम में अपना आफिस खोला। उसके बाद किला, सीबीगंज, बारादरी और इज्जतनगर क्षेत्र में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के नाम से खाड़ी देशों में नौकरी दिलवाने के पोस्टर चस्पा करा दिए। कई लोग पोस्टर देखकर उनके झांसे में आ गए।
किला के बाकरगंज निवासी एस. सद्दाम हुसैन क्रिकेटर हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी खेल कोटे से उन्हें नौकरी नहीं मिली। एक दिन उन्होंने अपने घर के पास दीवार पर खाड़ी देश में नौकरी के लिए लगे पोस्टर देखे। कुछ समय पहले वह इकराम और तस्लीम के साथ डीडीपुरम में खुले एक ऑफिस में गए। उन्होंने आफिस में बैठे लोगों को 70 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक ठगों को दे दिए। कागज के साथ तीनों युवकों के पासपोर्ट भी जमा कर लिए गए। आरोपियों ने उन्हें बताया था कि वे जल्द ही उन्हें फोन पर बताएंगे कि उन्हें सऊदी कब जाना है।
चार दिन पहले जब वे ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा था। प्लेसमेंट कंपनी ने अपने नंबर भी बंद कर लिए। आरोपितों ने जो नाम-पते दिए थे वह भी फर्जी निकले। शनिवार को पीड़ितों ने एसएसपी से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इन तीनों के अलावा पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के भी कई युवकों के साथ ठगी की गई है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि पीड़ितों ने शिकायत की है। पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
