मुरादाबाद: मुरादाबाद: बिहार से सीटेट परीक्षा देने आए दो ‘मुन्नाभाई’ पुलिस के हत्थे चढ़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। जिले में चल रही केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में बिहार से आए दो मुन्नाभाई पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों दूसरे परीक्षार्थियों के नाम-पते पर परीक्षा देने आए थे। प्रवेश पत्र में लगी फोटो सही तरीके से मिलान न होने पर केंद्र प्रभारी से सूचना मिलने पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। एक …

मुरादाबाद। जिले में चल रही केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में बिहार से आए दो मुन्नाभाई पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों दूसरे परीक्षार्थियों के नाम-पते पर परीक्षा देने आए थे। प्रवेश पत्र में लगी फोटो सही तरीके से मिलान न होने पर केंद्र प्रभारी से सूचना मिलने पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। एक मुन्नाभाई सिविल लाइंस तो दूसरा मझोला थाना क्षेत्र में बने केंद्र में परीक्षा देने आए थे। मझोला व सिविल लाइंस कोतवाली में दोनों मुन्ना भाइयों के साथ ही पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

रविवार को जिले के विभिन्न केंद्रों में हुई परीक्षा में बिहार से आए साल्वर गैंग के सदस्यों ने सेंधमारी की। रविवार को हुई परीक्षा में पहली पाली में सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में परीक्षा आयोजित हो रही थी। रूम नंबर 35 में एक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में लगी फोटो को मिलान किया गया तो कुछ गड़बड़ लगी। जिस पर कक्ष निरीक्षक श्वेता भंडूला ने इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को देने के साथ ही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परीक्षा दे रहे युवक पंकज कुमार निवासी गांव हमीरपुर फरमोर पोस्ट गोपशा शेखपुर जिला पटरा बिहार को वहीं से गिरफ्तार कर लिया।

इसी तरह मझोला थाना क्षेत्र के आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र पर कक्ष संख्या 103 में कक्ष निरीक्षक रीमा रस्तोगी ने एक परीक्षार्थी को दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा। सूचना पर पुलिस ने परीक्षा दे रहे बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि इस मामले में मझोला व सिविल लाइंस कोतवाली में मामले दर्ज किए गए हैं।

मझोला थाने में आर्यंस इंटर नेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य हेमंज कुमार झा की तहरीर पर आरोपी राकेश कुमार यादव, इरशाद अली और विशाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि सिविल लाइंस थाने में सीएल गुप्ता वल्ड्र स्कूल की प्रधानाचार्या सविता सिंह की तहरीर पर आरोपी पंकज कुमार और खिलेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों युवकों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारें में जानकारी की जा रही है।

इरशाद बनकर परीक्षा दे रहा था राकेश कुमार
मुरादाबाद। आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल में पकड़ा गया सॉल्वर राकेश कुमार यादव बिहार के मधुबनी जिले के गांव सिधराही का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में जानकारी मिली कि वह अमरोहा के गांव मोहनपुर सुमराली निवासी इरशाद अली के स्थान पर बैठकर परीक्षा दे रहा था। उसने फर्जी आधारकार्ड और प्रवेश पत्र तैयार किया था। पुलिस के अनुसार उसे बिजनौर जिले में रहने वाले विशाल ने परीक्षा में शामिल होने के लिए बुलाया था।

खिलेंद्र बनकर परीक्षा दे रहा था पंकज
मुरादाबाद। वहीं सिविल लाइंस पुलिस के हत्थे लगा साल्वर पंकज कुमार बिहार के पटना जिले का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिजनौर के ग्राम नजरपुर बकैना निवासी खिलेंद्र सिंह की जगह पर परीक्षा दे रहा था। उसने भी खिलेंद्र सिंह के नाम से फर्जी आधारकार्ड और पहचान पत्र बनवा रखा था। सिविल लाइंस थाना प्रभारी डीएसपी दरवेश कुमार ने बताया कि आरोपी पंकज कुमार का अपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।

परीक्षा छूटने के बाद उमड़ा सैलाब, प्लान धड़ाम, लगा जाम
केंद्रीय शिक्षक पात्रता की परीक्षा के बाद एक बार फिर महानगर की सड़कें जाम की गिरफ्त में आ गई। दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद जैसे ही परीक्षार्थियों का सैलाब सड़कों पर उमड़ा तो पूरा ट्रैफिक प्लान धड़ाम हो गया। कटघर बस स्टैंड से लाकड़ी फाजल तक वाहनों की कतार नजर आने लगी। कमोबेश कांठ रोड पर भी यही नजारा देखने को मिल रहा था। पीलीकोठी चौराहे के पास जाम में वाहन इस कदर फंसे कि दूर तक कतार लग गई। आलम यह हो गया कि सर्दी में भी जाम खुलवाने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।

केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए पूरे जिले में महानगर में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा में पहली पाली में 31500 व दूसरी पाली में 28228 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। हालांकि परीक्षा में करीब 80 फीसदी की परीक्षार्थी उपस्थित हुए। दो पालियों में होने वाली परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के अलावा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। ताकि महानगर की सड़कों को जाम से निजात दिलाई जा सके। अफसरों के प्लान के अनुसार करीब डेढ़ सौ पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई थी।

खासतौर पर कटघर स्थित बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के सामने, फब्बारा चौक, लोकोशेड पुल, लाकड़ी फाजल चौराहा, पीलीकोठी व पीएसी तिराहे पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। हालांकि तमाम कवायद के बाद भी परीक्षा छूटने के बाद पूरा प्लान धड़ाम हो गया। जैसे ही परीक्षार्थियों के साथ ही उनके परिजन सड़कों पर आए तो महानगर की सड़कें जाम की गिरफ्त में आ गई। दिल्ली के अलावा हरिद्वार हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। आनन-फानन में पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए जूझने लगे। रविवार की देर शाम तक सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।

संबंधित समाचार