मुरादाबाद: हाइवे और चौराहों पर खड़ी होगी 108 डायल एंबुलेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। आसानी से और जल्द पीड़ित के पास एंबुलेंस पहुंच सके इसलिए नए हॉटस्पॉट तैयार किये गए हैं। हाइवे व शहर और तहसील में बड़े चौराहों पर ये एंबुलेंस खड़ी होंगी। पहले जो थानों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 108 डायल एंबुलेंस खड़ी की जाती थी, वह अब वहां खड़ी नहीं की जाएंगी। इसको लेकर …

मुरादाबाद। आसानी से और जल्द पीड़ित के पास एंबुलेंस पहुंच सके इसलिए नए हॉटस्पॉट तैयार किये गए हैं। हाइवे व शहर और तहसील में बड़े चौराहों पर ये एंबुलेंस खड़ी होंगी। पहले जो थानों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 108 डायल एंबुलेंस खड़ी की जाती थी, वह अब वहां खड़ी नहीं की जाएंगी। इसको लेकर एंबुलेंस एजेंसी की ओर से वर्कशाप शुरू की गई है।

एंबुलेंस एजेंसी से रीजनल मैनेजर विवेक मिश्रा व प्रोग्राम मैनेजर गिरीश पुरोहित द्वारा कार्यशाला आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि कई अस्पताल ऐसी जगहों पर हैं, जहां पहुंचने के लिए सकरी व व्यस्त गलियों से होकर गुजरना पड़ता है। कई थाने भी इसी तरह के मार्गों पर हैं। ऐसी स्थिति में जब कभी इमरजेंसी कॉल होती है तो एंबुलेंस को वहां से घटना स्थल पहुंचने में काफी दिक्कतें होती हैं। जरा भी विलंब पीड़ित की जिंदगी के लिए खतरा बन जाता है। इसलिए अब नए हॉटस्पॉट तैयार किए गए हैं।

हेल्पडेस्क इंचार्ज रिजवान ने बताया कि जिले में 24 आपातकालीन एंबुलेंस (108 डायल) हैं। इनके लिए जिला महिला अस्पताल के अलावा पीलीकोठी चौराहा, मूंढापांडे हाइवे, टोलप्लाजा, संभल रोड गागन चौराहा, जीरो प्वाइंट, मझोला, दलपतपुर, इस्लामनगर, ठाकुरद्वारा, उमरी कला चौराहा, हरथला कांठ रोड, छजलैट, अगवानपुर चौराहा आदि स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चुना गया है।

उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला सम्मान
एंबुलेंस सेवा के उत्कृष्ट कार्य में चालक सहित कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में मुरादाबाद मंडल सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के स्टाफ के साथ सम्मान समारोह हुआ। नेशनल एम्बुलेंस सेवा के जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिला और दो साल तक के बीमार शिशु की सहायता हेतु 24 घंटे कार्यरत निशुल्क 102 डायल एंबुलेंस सेवा और आपातकालीन परिस्थिति के लिए निशुल्क 108 डायल एम्बुलेंस सेवा के कार्यों की समीक्षा एम्बुलेंस संचालन कार्यदायी संस्था के उपाध्यक्ष टीवीएसके रेड्डी ने किया। बताया गया कि एंबुलेंस सेवा जल्द से जल्द पीड़ित तक पहुंचे, इसका प्रयास किया जाएगा। इस दौरान विपिन कुमार, शशिकांत, मोहित यादव, सौरभ कुमार, राजू, फ्यूम, नरेश, विकल्प, जय प्रकाश, हिमांशु गुप्ता, एम्बुलेंस चालाक रामवीर, अनुज पांडे, मोहित, संजीव कुमार, रिफाकत, विजय पाल, सुशील कुमार, सुनील, एंबुलेंस मित्र रिजवान आलम को उत्कृष्ट कार्य प्रमाण पत्र दिया गया।

संबंधित समाचार