हल्द्वानी: नशे के खिलाफ महिलाओं ने भरी हुंकार
हल्द्वानी,अमृत विचार। महानगर में नशे के प्रकोप के बीच अराजकता और बढ़ते अपराधों पर मातृशक्ति का धैर्य जवाब दे गया। महिलाएं नशे पर नकेल कसने की मांग को लेकर सड़क पर उतर पड़ीं। उन्होंने नशा कारोबारियों के साथ ही ढिलाई बरत रही पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। नशा और अपराध पर जल्द अंकुश न लगने …
हल्द्वानी,अमृत विचार। महानगर में नशे के प्रकोप के बीच अराजकता और बढ़ते अपराधों पर मातृशक्ति का धैर्य जवाब दे गया। महिलाएं नशे पर नकेल कसने की मांग को लेकर सड़क पर उतर पड़ीं। उन्होंने नशा कारोबारियों के साथ ही ढिलाई बरत रही पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। नशा और अपराध पर जल्द अंकुश न लगने पर कोतवाली में धरने की चेतावनी दी।
रविवार को तल्ला गोरखपुर पार्षद रवि जोशी के नेतृत्व में 40-50 महिलाएं एकजुट हो सड़क पर उतर पड़ीं। महिलाएं वार्ड से जुलूस की शक्ल में कोतवाली परिसर के पीछे पहुंची। यहां नशा कारोबारियों और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी के साथ धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पार्षद और महिलाओं ने कहा कि महानगर की तरह ही गोरखपुर वार्ड भी नशा कारोबारियों के मकड़जाल में फंस गया है। स्कूल-कालेज के छात्र, युवा नशे के दलदल में धंस चुके हैं। घर-घर नशीले पदार्थो की डिलीवरी हो रही है।
नतीजन सामाजिक तानाबाना चरमरा रहा है। अपराध भी बढ़ते जा रहे हैं। महिलाओं से लूटपाट और अस्मिता से खिलवाड़ हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने नशा कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न करने पर पुलिस की आलोचना भी की। कहा कि छोटे-छोटे पेडलर को पकड़कर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है। जबकि इस नेटवर्क के बड़े सौदागर पुलिस के रडार से बाहर हैं।
पुलिस के हेल्पलाइन नंबर का पता नहीं
हल्द्वानी। नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस भले ही लाख दावे करे, लेकिन हकीकत इससे उलट है। पुलिस की लापरवाही का आलम यह है कि जनता को नशा कारोबार पर नकेल कसने के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर का पता नहीं है। इसे पुलिस के प्रचार-प्रसार (जनसंपर्क सेल) की नाकामी से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्षद रवि जोशी का कहना है कि उन्हें इस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी नहीं है।
