हल्द्वानी: स्मैक तस्करी करने वालों की नहीं खैर, लगेगा गैंगस्टर एक्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौरव पांडेय, हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में बढ़ती स्मैक की खपत के बीच अब पुलिस तस्करों की आपराधिक कुंडली बांचेगी। तस्करों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए इन पर गैंगस्टर लगाकर कानूनी शिकंजा और कसा जाएगा। डीजीपी ने अधीनस्थों को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य में स्मैक की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। …

गौरव पांडेय, हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में बढ़ती स्मैक की खपत के बीच अब पुलिस तस्करों की आपराधिक कुंडली बांचेगी। तस्करों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए इन पर गैंगस्टर लगाकर कानूनी शिकंजा और कसा जाएगा। डीजीपी ने अधीनस्थों को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
राज्य में स्मैक की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। बाहरी राज्यों से बड़े पैमाने पर उत्तराखंड में तस्करी हो रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान गांव-कस्बा-शहर से लेकर मैदान-भाबर-तराई में बड़ी तादात में स्मैक तस्कर पकड़े जा रहे हैं। स्मैक का नशा खासकर युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में ले चुका है। पुलिस लगातार तस्करों को पकड़ रही है। इसके बावजूद तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। कई केसों में देखा गया है कि तस्करी के मामलों में जेल जा चुके आरोपी दोबारा पकड़े गए। आरोपियों के आपस में जुड़े भी पाए गए। स्मैक तस्करी के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने अब ठोस रणनीति पर काम करने की योजना बनाई है। इसके तहत तस्करों की कुंडली बांचने के साथ ही इन पर गिरोहबंदी कानून के तहत कार्रवाई होगी। डीजीपी अशोक कुमार ने सभी जिला कप्तानों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। राज्य की सभी थाना पुलिस पकड़े गए तस्करों को चिन्हित कर आपसी तार जोड़ने के साथ ही कड़ी कार्रवाई करेगी।

पुलिस पीड़ित युवाओं की कराएगी काउंसलिंग

नशे के दलदल में फंसे युवाओं को उबारने के लिए पुलिस इनकी काउंसलिंग कराएगी, जिससे युवा स्मैक तस्करों के चंगुल से आजाद हो सके और समाज की मुख्यधारा में लौट सके। इसके लिए थानावार सभी पीड़ितों को चिन्हित कर उनकी मनोवैज्ञानिकों से काउंसलिंग कराई जाएगी। इसमें संबंधियों की मदद भी ली जाएगी। डीजीपी ने इस संबंध में भी अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार