हल्द्वानी: यह कैसी मानवता, सीने से लगाने की बजाय पटरी पर फेंका
अमृत विचार, हल्द्वानी। एक नवजात शिशु रामनगर रेलवे पटरी के पास मिला। गंभीर हालत में नवजात को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया। नवजात अस्पताल के एनआईसीयू में मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने नवजात का परित्याग करने और मरने के लिए लावारिस छोड़ने वाले अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर …
अमृत विचार, हल्द्वानी। एक नवजात शिशु रामनगर रेलवे पटरी के पास मिला। गंभीर हालत में नवजात को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया। नवजात अस्पताल के एनआईसीयू में मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने नवजात का परित्याग करने और मरने के लिए लावारिस छोड़ने वाले अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार तड़के एक व्यक्ति ने 112 नंबर पर रेलवे लाइन के पार एक नवजात के पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर एचसीपी चंदन सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। पुलिस को ग्राम नया चौहान में बिजली घर के सामने रेलवे पटरी के पास झाड़ी में एक कट्टे के भीतर रोता-बिखलता शिशु मिला। 108 से नवजात को सीएचसी रामनगर लाया गया। हालत गंभीर देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद नवजात को सुशीला तिवारी अस्पताल भर्ती कराया गया। एमएस डॉ अरुण जोशी ने बताया कि नवजात का एनआईसीयू में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। नवजात के गले में बाहरी चोट के साथ ही अन्य गंभीर लक्षण हैं। नवजात बालक शिशु है। इधर, पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 317 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि नवजात का परित्याग कर अरक्षित फेंकने वाले आरोपियों को सुराग लगाया जा रहा है।
