हल्द्वानी: हर दा ने भी माना जीत के लिए मोदी फैक्टर को कम करना जरूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकुर शर्मा, हल्द्वानी। माहौल बनाने का माद्दा रखने वाले हर दा का अब की बार सोशल मीडिया पर माहौल बना हुआ है। इस बार हर दा की कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मोदी फैक्टर को मिनीमाइज करने की नसीहत सुर्खियों में हैं। यह नसीहत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पसंद कर …

अंकुर शर्मा, हल्द्वानी। माहौल बनाने का माद्दा रखने वाले हर दा का अब की बार सोशल मीडिया पर माहौल बना हुआ है। इस बार हर दा की कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मोदी फैक्टर को मिनीमाइज करने की नसीहत सुर्खियों में हैं। यह नसीहत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पसंद कर रहे हैं तो विरोधी तीखे कमेंट्स कर रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 31 जनवरी से 6 फरवरी तक कुमाऊं के दौरे पर थे। ऊधम सिंह नगर से शुरू हुआ दौरा चंपावत पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा व नैनीताल होते हुए समाप्त हुआ था। इस दौरान हर दा ने चंपावत में इंडियन आइडल प्रतियोगी पवन दीप राजन के घर जाकर माता पिता का सम्मान किया तो बागेश्वर में मडुवा गहत पका कर जनता से जुड़ने की कोशिश की। दौरे समाप्त होने के बाद फेसबुक एक पोस्ट शेयर की। पोस्ट में हर दा ने कहा कि जन भावना को देख कर लगा कि यदि हम (कांग्रेस) चुनावों में मोदी फैक्टर को मिनीमाइज करने में सफल हो जाएं तो कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि जनता स्थानीय चेहरों की जंग में कांग्रेसनित चेहरे को पसंद कर रही है। इसलिए जरूरी है कि राज्य के अंदर कुछ और चेहरों को जिला स्तर या दो जिलों की चुनावी जिम्मेदारी सौंपकर उन चेहरों को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाएं तो मोदी फैक्टर वाली भाजपा की रणनीति पूरे तरीके से ध्वस्त हो सकती है। हर दा ने भाजपा के संगठनात्मक और धन फैक्टर को भी बेअसर करने के लिए रणनीति बनाने की सलाह दी। हर दा ने व्यंगय भरे लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री और मित्र मेरी उम्र को देखते हुए आराम करने की सलाह दे रहे हैं इनका मैं आनंद ले रहा हूं। अंत में रावत ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने वाला तीर सही जगह लगा है, भाजपा में बेचैनी बढ़ गई है। इस पोस्ट पर अभी तक हजारों लाइक मिल चुके हैं सैकड़ों समर्थकों व विरोधियों ने कमेंट्स किए हैं और पोस्ट शेयर की जा रही है।

= इस तरह के मिल रहे हैं कमेंट्स =

= आपका तीर सही जगह लगता है तभी दोनों तरफ के नेता बिल बिला रहे हैं।
= आप माहिर हैं और राजनीति के धुरंधर भी
= अर्जुन सही समय है, गांडीव उठाओ और वार करो, विरोधी बचाव की मुद्रा में है।
= आपको मोदी फैक्टर कम करना है तो मोदी जैसा चेहरा भी होना चाहिए आप कितनी भी मेहनत कर लो आप के ऊपर का उल्लू सब गुड़ गोबर कर देता है
= आपका हारना तय है रावत जी जब तक आप मोदी, योगी और शाह के लिए बोलेंगे। आपकी की लड़ाई टीएसआर से है, इन्हीं के लिए बोलो।

= ये कहा है पोस्ट में =

अपने लगभग 5 दिन के इस भ्रमण के दौरान #जनभावना को देखकर मुझे लगा कि यदि हम #चुनावों में श्री #मोदी फैक्टर को मिनिमाइज करने में सफल हो जाएं, उस असर को बहुत सीमा तक घटाने में सफल हो जाएं तो कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है, क्योंकि #स्थानीयचेहरा बनाम स्थानीय चेहरे में कांग्रेसनित चेहरा जनता को प्रिय लग रहा है, बल्कि मैं एक कदम आगे बढ़कर के कहना चाहता हूंँ कि श्री #मोदीफैक्टर को न्यूनतम् प्रभाव तक सीमित करने के लिये आवश्यक है कि हम #राज्य के अंदर कुछ और चेहरों को जिला स्तर या 2 जिले, इस तरीके की चुनावी जिम्मेदारी सौंपकर उन चेहरों को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाएं, तो मोदी फैक्टर वाली भाजपा की रणनीति पूरे तरीके से ध्वस्त हो सकती है, क्योंकि श्री मोदी फैक्टर में #भाजपा का संगठनात्मक फैक्ट्रर और धन फैक्टर, दोनों बहुत प्रभावी अस्त्र बन जा रहे हैं, उसके मुकाबले के लिये हमारी रणनीति भी ऐसी होनी चाहिये जो भाजपा की चुनावी रणनीति की काठ बने या उसको उलझा करके उसके प्रभाव को कम करे। इस बहस में कुछ बहुत रचनात्मक बिंदु भी सामने आये हैं और कुछ हमारे दोस्तों ने अपने-अपने ढंग से विश्लेषण भी किया है, भाजपा में भी इस बात पर चर्चा प्रारंभ होने के बाद कुछ बेचैनी दिखाई दे रही है, क्योंकि माननीय #मुख्यमंत्री जी ने भी वहीं #सलाह दोहराई है मेरे लिये, जो मेरे कई और मित्र भी मुझे दे रहे हैं कि मैं अब उम्र दराज हो गया हूँ, मुझे आराम की आवश्यकता है और भाजपा के #प्रवक्तागण भी अब मुझसे सवाल कर रहे हैं कि यदि विकास ही किया था, तो फिर #चुनाव क्यों हार गये? खैर मैं इस समय उनके इन बयानों का आनंद ले रहा हूंँ, क्योंकि मुझे लगता है कि मेरा #मुख्यमंत्री के चेहरे वाला तीर, सही जगह पर लग रहा है और भाजपा में इस बात को लेकर कुछ व्यग्रता पैदा हो गई है।

संबंधित समाचार