हल्द्वानी: पापा जेल गए ताे बेटी ने छोड़ दी दुनिया
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्यावरण मित्र से मारपीट के प्रकरण में आरोपी पिता के जेल जाने से क्षुब्ध छात्रा ने जहर गटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अभी तक मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। मंगलवार सुबह नई बस्ती निवासी आफरीन (20) पुत्री रुस्तम ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्यावरण मित्र से मारपीट के प्रकरण में आरोपी पिता के जेल जाने से क्षुब्ध छात्रा ने जहर गटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अभी तक मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है।
मंगलवार सुबह नई बस्ती निवासी आफरीन (20) पुत्री रुस्तम ने घर पर विषपान कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव संबंधियों को सौंप दिया। मृतका शहर के एक निजी स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसके पिता पर्यावरण मित्र राजेश से हुई मारपीट प्रकरण में आरोपी थे। डीएसपी की जांच के आधार पर बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी को 28 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। तब से आरोपी जेल में है।
इधर, फोरेंसिक जांच के दौरान मॉर्चुरी में मौजूद पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि पिता के जेल जाने से आफरीन काफी परेशान थी। उसके पिता टैक्सी चलाकर सात बच्चों का भरणपोषण करते थे। उन्होंने आशंका जताई कि पिता के जेल जाने से क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया कि अभी तक घर से सुइसाइड नोट नहीं मिला है। बनभूलपुरा एसओ युनूस खान ने बताया कि आरोपी की पुत्री के जहर खाने की मौखिक सूचना मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है। मेडिकल चौकी प्रभारी मनवर सिंह के अनुसार पोस्टमॉर्टम और बिसरा रिपोर्ट मिलने के बाद जांच की दिशा तय होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली जाएगी।
