हल्द्वानी: बहुरेंगे पुलिस कर्मियों के दिन, बैरकों का होगा अपग्रेडेशन
गौरव पांडेय, अमृत विचार। तन-मन को थका देने वाली ड्यूटी के बाद सुविधाविहीन और जर्जर बैरकों में अमानवीय हाल में रह रहे पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही पुलिस बैरकों के दिन बहुरने वाले हैं। मुख्यालय के निर्देश पर राज्य भर की पुलिस बैरकों का अपग्रेडेशन होगा। इसके लिए एसपी स्तर पर …
गौरव पांडेय, अमृत विचार। तन-मन को थका देने वाली ड्यूटी के बाद सुविधाविहीन और जर्जर बैरकों में अमानवीय हाल में रह रहे पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही पुलिस बैरकों के दिन बहुरने वाले हैं। मुख्यालय के निर्देश पर राज्य भर की पुलिस बैरकों का अपग्रेडेशन होगा। इसके लिए एसपी स्तर पर कवायद भी शुरू हो गई है।
बैरकों में रह रहे पुलिस कर्मियों को रहन-सहन से जुड़ी तमाम असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इन बैरकों में जीवन के लिए जरूरी सुविधाओं की भारी कमी है। इससे कर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। जीवन के इन प्रतिकूल हालातों में ड्यूटी करना किसी चुनौती से कम नहीं है। मुख्यालय ने पुलिस कर्मियों की इस समस्या पर सुध ली। आधुनिकीकरण कमेटी की सिफारिश के तहत प्रथम चरण में गुणवत्तापूर्ण रहन-सहन की मंशा से बैरकों का अपग्रेडेशन किया जाएगा।
इसके तहत जर्जर बैरकों की मरम्मत के साथ ही सभी न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हल्द्वानी पुलिस सेक्टर की शहर कोतवाली के साथ ही लालकुआं, रामनगर, कालाढूंगी थाना और नैनीताल सेक्टर की मल्लीताल, भवाली कोतवाली के साथ ही तल्लीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर थाना की बैरकों का अपग्रेडेशन होगा। अपग्रेडेशन के तहत बैरकों का इंटीरियर डिजाइन तैयार कर सभी जरुरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
हल्द्वानी सेक्टर के प्रभारी एसपी जगदीश चंद्र जबकि नैनीताल सेक्टर के प्रभारी एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि बैरकों के आधुनिकीकरण के तहत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
पांच थानों को भी मिलेंगी बैरक
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी सेक्टर में मुखानी, बनभूलपुरा, काठगोदाम, चोरगलिया जबकि नैनीताल सेक्टर के बेतालघाट थाना में पुलिस बैरक की सुविधा नहीं है। संबंधित सेक्टरों के प्रभारी एसपी ने बताया कि आधुनिकीकरण के दूसरे चरण में बैरक निर्माण की योजना पर काम किया जाएगा।
