नैनीताल: डीएम बोले- बेटी के नाम पर होगी हर घर की नेम प्लेट
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल के नए डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत हर घर की बेटी के नाम पर घर के बाहर नेम प्लेट लगाई जाएगी। आईएएस गर्ब्याल ने मंगलवार की देर रात 11 बजे नैनीताल डीएम का कार्यभार ग्रहण किया। इधर, बुधवार को …
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल के नए डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत हर घर की बेटी के नाम पर घर के बाहर नेम प्लेट लगाई जाएगी।
आईएएस गर्ब्याल ने मंगलवार की देर रात 11 बजे नैनीताल डीएम का कार्यभार ग्रहण किया। इधर, बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई प्रेस वार्ता में डीएम गर्ब्याल ने कहा कि संस्कृति विभाग की मदद से मल्लीताल स्थित बैंड स्टैंड पर स्थानीय प्रतिभाओं को मौका दिया जाएगा। बेतालघाट क्षेत्र में फलोद्यान व जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं। वहीं भाबर में कृषि के क्षेत्र में भी बेहतर काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी नैनीताल में अन्य पर्यटन स्थलों के विकसित किया जाएगा ताकि यहां सैलानियों का दबाव कम हो। हल्द्वानी में जाम से निजात दिलाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन से कालू साईं से मंगलपड़ाव तक एक किलोमीटर और मुखानी में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। शहरी विकास सचिव से इस संबंध में वार्ता की है। हल्द्वानी टैक्सी स्टैंड को भी अन्यत्र शिफ्ट किया जाएगा। जाम से निजात के लिए सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसी के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत हर घर की बेटी के नाम पर घर के बाहर नेम प्लेट लगाई जाएगी। अब घर के बाहर मुखिया के साथ-साथ बेटी के नाम की नेम प्लेट होगी।
मल्लीताल व तल्लीताल रिक्शा स्टैंड को कुमाऊंनी शैली में ढाला जाएगा। नैनीताल लगे निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों खुले आकाश को भी पर्यटन का माध्यम बनाते हुए एस्ट्रोनॉमी पर्यटन के नए क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। हर ब्लॉक में एक मॉडल गांव बनाया जाएगा। पर्यटन स्थलों का सुन्दरीकरण पर्वतीय शैली में किया जाएगा। नक्कासीदार सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा नैनीताल में ट्रैफिक का दबाव कम करने को छोटे पार्किंग स्थल बनाये जाएंगे। मुक्तेश्वर, सातताल, ओखलकांडा में भी पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मुक्तेश्वर में ट्रैफिक समस्या के समाधान को अध्ययन किया जाएगा। खासकर नर्सरी व सेब के बागान बनाये जाएंगे और किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए हिमाचल प्रदेश से विशेषज्ञ बुलाये जाएंगे। भीमताल में इसी वित्तीय वर्ष से समूह आधारित नर्सरी बनाई जाएगी।
