बाराबंकी: कक्षा में आगे बैठने को लेकर छात्र भिड़े, एक घायल, मामला पहुंचा थाने
टिकैतनगर (बाराबंकी)। कक्षा में सीट पर आगे बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन साथी छात्रों ने एक छात्र की स्कूल मे शिक्षक के सामने ही जमकर पिटाई कर दी। जिससे छात्र के आंख में गंभीर चोट आई। छात्र ने आरोपित छात्रों के खिलाफ थाने में शिकायत की है।मामला थाना व कस्बा टिकैतनगर के …
टिकैतनगर (बाराबंकी)। कक्षा में सीट पर आगे बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन साथी छात्रों ने एक छात्र की स्कूल मे शिक्षक के सामने ही जमकर पिटाई कर दी। जिससे छात्र के आंख में गंभीर चोट आई। छात्र ने आरोपित छात्रों के खिलाफ थाने में शिकायत की है।मामला थाना व कस्बा टिकैतनगर के पीडी जैन इंटर कॉलेज का है। यहां पर थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी अमर शुक्ला पुत्र मगन विहारी शुक्ला कक्षा बारह में पढ़ता है।
बताते है कि मंगलवार को क्लास में आगे बैठने को लेकर अमर शुक्ला का अपने साथी दीपक यादव से विवाद हो गया था। जिसमें दीपक यादव ने शिक्षक के सामने ही अमर शुक्ला की पिटाई कर दी थी। बाद में शिक्षकों के हस्ताक्षेप से पर दोनों छात्रों ने भविष्य में मारपीट न करने का शपथ पत्र प्रधानाचार्य बीके मिश्रा को दिया था। तब जाकर मामला शांत हो गया था।
बुधवार को जब अमर शुक्ला क्लास से बाहर आया तो दीपक यादव ने अपने दो साथियों अमन जायसवाल, संचित सिंह ने फिर शिक्षक के सामने ही उसे घेर लिया। तीनों ने अमर शुक्ला की पहले तो लात घूसों से पिटाई की, लेकिन जब अमर शुक्ला उनके कब्जे में नहीं आया तो हमलावर साथी छात्रों ने बेल्ट निकाल लीं उससे पिटाई की।
तीनों लोग उसको पीटते रहे और विधालय के शिक्षक मुख दर्शक बने देखते रहे। किसी ने छात्र को बचाने की जहमत नही उठाई। पिटाई से पीड़ित छात्र के सिर व आंख मे काफी गंभीर चोटें आई हैं। पिटाई के बाद आरोपित छात्र मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों के फोन करने पर पीड़ित छात्र के परिवार जन मौके पर पहुंच गए। गांव से भारी भीड़ भी थाने पर पहुंच गई।
छात्र ने दीपक यादव सहित तीन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाल नारद मुनि सिंह ने विद्यालय में पहुंचकर प्रधानाचार्य व छात्रों से पूछताछ की है और प्रधानाचार्य बीके मिश्रा को आरोपित छात्रों के खिलाफ विद्यालय में अनुशासनत्मक कारवाई करने के लिए कहा। कोतवाल का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के पीछे छात्रों में आपस में लड़ाई हुई है। जिसमें एक छात्र के आंख में चोट आई है। जानकारी मिलने पर 112 नंबर डायल करके सूचना दे दी गई थी। दोषी छात्रों का क्लास से नाम काटने की कार्रवाई की जा रही है। -बीके मिश्रा, प्रधानाचार्य, पीडी जैन इंटर कॉलेज टिकैतनगर
