रुद्रपुर: एडमिशन में हो रही धांधली, गुस्साए छात्रों ने कॉलेज में की तालाबंदी
रुद्रपुर, अमृत विचार। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर में एडमिशन के दौरान हो रही अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आग बबूला हो गए। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के मेन गेट पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि बाद में शहर कोतवाल व प्राचार्य के समझाने के बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया। सरदार भगत …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर में एडमिशन के दौरान हो रही अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आग बबूला हो गए। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के मेन गेट पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि बाद में शहर कोतवाल व प्राचार्य के समझाने के बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।
सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। छात्रों का आरोप है कि एडमिशन को लेकर बहुत अनियमितताएं हो रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को छात्र एकत्रित होकर कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कॉलेज के मेन गेट पर तालाबंदी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का कहना था कि विभाग में नियमों को ताक पर रखकर एडमिशन किए जा रहे हैं। जो बच्चे अधिक अंक से उत्तीर्ण हुए हैं, उनका एडमिशन नहीं हो रहा है। जबकि विभाग द्वारा कम नंबरों से उत्तीर्ण हुए चहेते बच्चों के एडमिशन किए जा रहे हैं, जो सरासर गलत है। छात्रों ने कॉलेज गेट पर तालाबंदी के दौरान जमकर नारेबाजी भी की। सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल एनएन पंत और प्राचार्य कमल किशोर पांडेय द्वारा काफी समझाने बुझाने व स्थितियां सही करने के लिए चार दिन का समय मांगे जाने के बाद छात्र शांत हुए।
