रामनगर: भंडारपानी के जंगल में मिला हल्द्वानी के प्रॉपर्टी डीलर का शव, नौ फरवरी से था लापता
रामनगर, अमृत विचार। सीतावनी क्षेत्र में भंडारपानी के जंगल में हल्द्वानी के प्रापर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रापर्टी डीलर नौ फरवरी से लापता था। घटनास्थल के पास मृतक की कार भी मिली। शव के पास जहर की शीशी मिलने से उसके आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर …
रामनगर, अमृत विचार। सीतावनी क्षेत्र में भंडारपानी के जंगल में हल्द्वानी के प्रापर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रापर्टी डीलर नौ फरवरी से लापता था। घटनास्थल के पास मृतक की कार भी मिली। शव के पास जहर की शीशी मिलने से उसके आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को कोटा रेंज के भंडारपानी में वनकर्मी जंगल में रूटीन की गश्त पर थे। उन्होंने सड़क किनारे एक कार संख्या यूके 04 आर 2545 को खड़ा देखा। कार में कोई न होने पर उनका माथा ठनका और कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खड़ी कार के आसपास जंगल में तलाश शुरू तो सड़क से कुछ ही मीटर दूर घने जंगल में एक युवक का शव दिखाई दिया। उसके मुंह से झाग निकल रही थी। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसकी शिनाख्त पनियाली कठघरिया हल्द्वानी निवासी नवल बिष्ट के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि नवल नौ फरवरी से लापता था। सूचना मिलने पर मृतक के पिता नैन सिंह बिष्ट और अन्य परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की है। बताते हैं कि नवल बिष्ट प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।
कुछ समय से वह काफी तनाव में था। इसके चलते संभवत: नवल ने आत्महत्या का कदम उठाया होगा। पुलिस को मौके से जहरीले कीटनाशक पदार्थ की शीशी भी मिली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई जयपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह आत्महत्या का मामला लगता है लेकिन फिर भी पोस्टमार्टम से ही वास्तविकता का पता चलेगा।
