किच्छा: राम मंदिर निर्माण के प्रचार-प्रसार के बैनर फाड़े जाने के मामले ने पकड़ा तूल
किच्छा, अमृत विचार। क्षेत्र में राम मंदिर निर्माण के प्रचार-प्रसार को लगाई गई एक दर्जन फ्लैक्स होर्डिंग को अज्ञात लोगों द्वारा फाड़े जाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मंदिर समिति से जुड़े तमाम पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी से भेंट कर आक्रोश जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले में …
किच्छा, अमृत विचार। क्षेत्र में राम मंदिर निर्माण के प्रचार-प्रसार को लगाई गई एक दर्जन फ्लैक्स होर्डिंग को अज्ञात लोगों द्वारा फाड़े जाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मंदिर समिति से जुड़े तमाम पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी से भेंट कर आक्रोश जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
इसी मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे तमाम लोगों का पालिका कर्मचारी व नगर पालिका ईओ से विवाद हो गया। मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने नगर पालिका ईओ पर बैनर फाड़ने के आरोपी ठेकेदार को संरक्षण देने व उसका का बचाव करने का भी आरोप लगाया। फिलहाल पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मालूम हो कि अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर निर्माण में जनता का सहयोग लेने को लेकर श्री राम मंदिर समर्पण संग्रह समिति की ओर से वृहद स्तर पर अभियान चलाकर धनराशि एकत्रित करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। राम मंदिर निर्माण के प्रचार प्रसार को लेकर किच्छा में नगर के रोडवेज बस स्टैंड, रुद्रपुर रोड, आदित्य चौक, अंबेडकर चौक सहित तमाम क्षेत्रों में समिति द्वारा बड़े-बड़े बैनर लगवाए गए थे। दो दिन पहले बुधवार को अज्ञात लोगों ने राम मंदिर से जुड़े फ्लेक्स होर्डिंग को निशाना बनाते हुए एक दर्जन से अधिक होर्डिंग बैनर को फाड़ कर अपने साथ ले गए। मामला जानकारी में आने के बाद मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारियों में रोष फैल गया और जिला प्रचार प्रमुख विवेक दीप सिंह की अगुवाई में कोतवाली पहुंचे तमाम लोगों ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रभारी चंद्रमोहन सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मगर घटना के 2 दिन बीतने के बाद भी मामले का खुलासा ना होने से मंडी समिति के चेयरमैन कमलेंद्र सेंनवाल व संग्रह समिति के जिला प्रचार प्रमुख विवेक दीप सिंह की अगुआई में कई लोग कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी से मामले के खुलासे में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। जिस पर कोतवाली प्रभारी ने जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
