काशीपुर: महिला से बैग लूटने का आरोपी गिरफ्तार
काशीपुर,अमृत विचार। स्कूटी सवार महिला के साथ चार दिन पूर्व हुई लूट का आईटीआई पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर छीना गया बैग व मोबाइल आदि बरामद कर लिया। बता दें कि ओझान स्ट्रीट, बूरा बताशा गली निवासी पंकज अग्रवाल की पत्नी अनुजा अग्रवाल बीती 8 फरवरी को स्कूटी …
काशीपुर,अमृत विचार। स्कूटी सवार महिला के साथ चार दिन पूर्व हुई लूट का आईटीआई पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर छीना गया बैग व मोबाइल आदि बरामद कर लिया।
बता दें कि ओझान स्ट्रीट, बूरा बताशा गली निवासी पंकज अग्रवाल की पत्नी अनुजा अग्रवाल बीती 8 फरवरी को स्कूटी पर किसी काम से प्रकाश सिटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजाराम तुलाराम स्कूल गेट के पास एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से धक्का मारकर अनुजा को गिरा दिया और बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में 5500 रुपयों की नकदी के अलावा मोबाइल, पावर बैंक, आधार कार्ड, एलआईसी के जरूरी कागजात थे। आईटीआई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच शुक्रवार को प्लैटिना मोटरसाइकिल सवार बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम द्रोणासागर रोड जगदंबा विहार कॉलोनी निवासी गौतम जुनेजा बताया। पकड़े गए बदमाश ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह स्कूटी से नकदी, मोबाइल व पावर बैंक निकाल कर साथ ले गया और जरूरी कागजात व बैग को द्रोणासागर टीले के पास झाडि़यों में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में लेते हुए आरोपी की निशानदेही पर एक मोबाइल फोन, पावर बैंक, छीना गया बैग, जरूरी दस्तावेज आदि कब्जे में लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विद्या दत्त जोशी, एसआई मनोज सिंह देव, कांस्टेबल मुकेश कुमार व उमेश तोम्कयाल शामिल रहे।
