बरेली: पटरियों पर टुकड़ों में मिला अलीगढ़ की युवती का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। रेलवे जंक्शन की पटरियों पर गुरुवार रात करीब आठ बजे एक 22 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। उसके शरीर के दो टुकड़े हो चुके थे। मृतका की पहचान अलीगढ़ के बालमपुर गांव निवासी रुचि के रूप में की गई है। लड़की की मौत हादसा है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट …

अमृत विचार, बरेली। रेलवे जंक्शन की पटरियों पर गुरुवार रात करीब आठ बजे एक 22 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। उसके शरीर के दो टुकड़े हो चुके थे। मृतका की पहचान अलीगढ़ के बालमपुर गांव निवासी रुचि के रूप में की गई है। लड़की की मौत हादसा है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जीआरपी इसके विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, युवती के शव से कुछ दूरी पर एक अज्ञात पुरुष का शव भी मिला है।

रुचि का फाइल फोटो।

गुरुवार रात करीब आठ बजे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो, (अप लाइन) पर एक 22 वर्षीय युवती के मालगाड़ी से कटने की सूचना मिली। जीआरपी मौके पर पहुंची तो देखा कि युवती का शव दो टुकड़ों में पड़ा था। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि मृतका का नाम रुचि है। वह अलीगढ़ के बालमपुर गांव की रहने वाली थी। गुरुवार को घर से झगड़कर बरेली आई थी।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रुचि जब घर से निकली तो यह कहकर निकली थी कि उसे कोई प्यार नहीं करता, वह जा रही है। कभी वापस नहीं आएगी। परिजनों को लगा कि वह गुस्से में है। कहीं नहीं जाएगी। जब काफी देर तक वह नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू की गई।

नंबर सर्विलांस पर लगने के बाद पता चला कि उसका मोबाइल बरेली जंक्शन पर है। चिंतित परिजनों ने जीआरपी बरेली जंक्शन को फोन किया और पूरी स्थिति के बारे में जानकारी दी। इस पर जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने कहा कि उन्हें कुछ ही देर पहले एक युवती का शव मिला है। वह आकर उसकी शिनाख्त कर लें। जब परिजन बरेली जंक्शन पहुंचे तो शव देखकर उनके होश उड़ गए। वह रुचि का ही शव था।

सभी पहलुओं पर की जा रही जांच
परिजनों को शक है कि रुचि को कहीं कोई बहला-फुसला कर तो यहां नहीं लेकर आया। इसलिए परिजनों ने जीआरपी से सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की इच्छा जाहिर की। पता चला कि वह प्लेटफार्म नंबर दो पर अकेली टहल रही थी। उसके साथ कोई भी दूसरा व्यक्ति नहीं था मगर जिस जगह पर हादसा हुआ वहां सीसीटीवी कैमरे ही नहीं लगे। इसलिए रुचि जिस जगह पर कटी वहां की फुटेज नहीं मिली।

यार्ड की तरफ मिला 45 वर्षीय पुरुष का शव
रुचि का शव मिलने के बाद ही जंक्शन यार्ड की तरफ एक 45 वर्षीय पुरुष का भी शव मिला है। वह भी ट्रेन से टकराने की वजह से मरा था। चूंकि घटना सुभाष नगर थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए उसका पंचनामा भी सुभाष नगर पुलिस ने ही भरा। शुक्रवार शाम तक पुरुष के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी मगर जीआरपी रुचि के मामले को भी उससे जोड़कर छानबीन में जुटी है।

संबंधित समाचार