हल्द्वानी: कुमाऊं में पिछले 18 दिनों में मृत मिले तीन गुलदार
हल्द्वानी,अमृत विचार। कुमाऊं में पिछले 18 दिनों में तीन गुलदार मृत मिले हैं। इस तरह औसतन हर छठे दिन एक गुलदार की मौत हो रही है। वन विभाग का दावा है कि ये मौतें गुलदारों के आपसी संघर्ष में हो रही हैं। वन विभाग के अनुसार शुक्रवार की देर सायं नैनीताल वन डिविजन की मनोरा …
हल्द्वानी,अमृत विचार। कुमाऊं में पिछले 18 दिनों में तीन गुलदार मृत मिले हैं। इस तरह औसतन हर छठे दिन एक गुलदार की मौत हो रही है। वन विभाग का दावा है कि ये मौतें गुलदारों के आपसी संघर्ष में हो रही हैं।
वन विभाग के अनुसार शुक्रवार की देर सायं नैनीताल वन डिविजन की मनोरा रेंज के अंतर्गत वीरभट्टी के समीप चढ़ता गांव में एक वर्षीय गुलदार का शव पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने गुलदार का शव देखा तो वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीबाग भेज दिया।
मनोरा रेंजर भूपाल सिंह मेहता ने बताया कि शुक्रवार की देर सायं एक गुलदार का शव मिला था। इसका पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि आपसी संघर्ष में गुलदार की मौत हुई है। फिर भी मौत की सटीक वजहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएंगी। बिसरा जांच के लिए एफआरआई देहरादून भी भेजा जाएगा।
इससे पूर्व दो फरवरी को अल्मोड़ा के रानीखेत में तीन साल की मादा गुलदार का शव पड़ा मिला था। वहीं 26 जनवरी को गौला रेंज में एक पांच वर्षीय नर गुलदार का शव पड़ा मिला था।
