बरेली: तीन सड़क हादसों में दो की मौत, एक घायल
अमृत विचार, भोजीपुरा। क्षेत्र में शनिवार को तीन सड़क हादसे हुए। पहले सड़क हादसे में आईस्क्रीम फैक्ट्री का वाहन चला रहे चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में महिला को छोटा हाथी ने टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। उधर, तीसरे हादसे में …
अमृत विचार, भोजीपुरा। क्षेत्र में शनिवार को तीन सड़क हादसे हुए। पहले सड़क हादसे में आईस्क्रीम फैक्ट्री का वाहन चला रहे चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में महिला को छोटा हाथी ने टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। उधर, तीसरे हादसे में ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी। हादसे वैन चालक वह घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीबीगंज परसाखेड़ा में अमूल आईसक्रीम फैक्ट्री की डीसीएम लखनऊ से दूध की क्रीम लेकर आ रही थी। इसे सहारनपुर निवासी 28 वर्षीय चालक शिवम चला रहा था। सुबह साढ़े दस बजे जैसे ही चालक भोजीपुरा के बिलवा हाईवे पर पहुंचा यहां अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं आरोपी वाहन चालक मौका देखकर वाहन समेत वहां से फरार हो गया। हादसे के बाद तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसा इतना जबरजस्त था कि वाहन चालक को डीसीएम से काटकर निकाला गया। चालक को निकालकर एमबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। मौत की जानकारी पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वह सहारन पुर से बरेली आने के लिए रवाना हो गए। देर रात तक मृतक के परिजन बरेली नहीं पहुंचे थे।
छोटा हाथी की टक्कर से महिला की हुई मौत
शीशगढ़। कस्बा के मोहल्ला बरेली बस अड्डा निवासी नन्ही (60) पत्नी नन्हू शनिवार शाम लगभग चार बजे कस्बा की साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने जा रही थी। कस्बा में स्टेट बैंक के सामने छोटा हाथी ने अधेड़ महिला को टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। परिजन घायल को लेकर फौरन कस्बा के एक नर्सिंग होम ले गये। अस्पताल पहुंचने से पहले ही अधेड़ महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पीएम को भेज दिया। वहीं हादसे के बाद छोटा हाथी चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। छोटा हाथी कस्वा के ही एक व्यापारी का है।
गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने वैन ने मारी टक्कर
फतेहगंज पूर्वी। अनियंत्रित ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में चालक घायल हो गया। थाना क्षेत्र के गांव रमपुरा कमन के पास हाईवे पर फर्रुखाबाद के प्लांट से गैस सिलेंडर लेकर बरेली की तरफ जा रहे ट्रक ने बरेली से वापस आ रही ईको वैन में टक्कर मार दी। हादसे में वैन चालक सर्वेश कुमार निवासी शाहजहांपुर घायल हो गए। वहीं वैन क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। यहां बता दें कि वैन अखबार को शाहजहांपुर से लेकर बरेली आई। अखबार उतार कर वापस शाहजहांपुर आ रही थी कि रास्ते में हादसा हो गया।
बस पलटने के मामले में चालक कंडक्टर फरार
सीबीगंज। शुक्रवार रात बड़े बाईपास पर एक बस पलटने के मामले में थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं घटना में हुए घायल कार्रवाई के लिए थाने नहीं पहुंचे। वहीं घटना के बाद से ही बस चालक व कंडक्टर फरार चल रहे हैं। पुलिस ने बस मालिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हुआ।
यहां बता दें कि शुक्रवार रात एक डग्गामार बस शाहजहांपुर से सवारियों को भरकर दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस बड़े बाई पास परधौली व अटा कायस्थान के बीच पहुंची। घने कोहरे के कारण बस अचानक पलट कर खाई में जा गिरी। जिससे बस में सवार 20-25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उन सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से महानगर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा था। इस मामले में अभी तक कोई भी घायल कार्रवाई के लिए थाना पर नहीं पहुंचा है। थाना पुलिस ने इस दौरान बस के मालिक से फोन कर बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। जिस पर पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लिया।
