हल्द्वानी: स्पीड कंट्रोल सिस्टम से सड़क हादसों पर लगाम कसेगी पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के ग्राफ और ओवरस्पीड पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत पर्यटन नगरी नैनीताल और गेटवे ऑफ कुमाऊं में स्पीड कंट्रोल सिस्टम से वाहनों की गति की निगरानी की जाएगी। निर्धारित से अधिक गति पाए जाने पर वाहन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के ग्राफ और ओवरस्पीड पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत पर्यटन नगरी नैनीताल और गेटवे ऑफ कुमाऊं में स्पीड कंट्रोल सिस्टम से वाहनों की गति की निगरानी की जाएगी। निर्धारित से अधिक गति पाए जाने पर वाहन चालकों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। पुलिस पकड़े जाने पर ऑफलाइन जबकि मौके से भागने वाले चालकों के ऑनलाइन चालान करेगी।
नैनीताल के यातायात निरीक्षक आदेश कुमार और हल्द्वानी के राकेश माहरा के अनुसार सड़क हादसों में वाहनों की ओवरस्पीड एक बड़ी वजह रहती है। इसके चलते तमाम लोगों को अकाल जान गंवाने के साथ ही गंभीर शारीरिक कष्टों का सामना करना पड़ता है। ओवरस्पीड पर लगाम कसने के लिए इन नगरों में स्पीड कंट्रोल सिस्टम को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके तहत यातायात पुलिस स्पीडगन का प्रयोग कर हादसों पर लगाम कसेगी। बाइक और टैक्सी चालकों पर विशेष फोकस रहेगा।
यातायात कुप्रबंधन और पार्किंग की समस्या उठाई
नैनीताल। यातायात निरीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद आदेश कुमार ने कोतवाली मल्लीताल में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ ही टैक्सी यूनियन के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारी और टैक्सी संचालकों ने नैनीताल के पर्यटन सीजन के दौरान यातायात कुप्रबंधन और पार्किंग की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि इसके चलते नैनीताल आने वाले पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोग त्रस्त रहते हैं। इससे पर्यटकों के बीच पुलिस प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर नकारात्मक छवि बनती है। इस पर यातायात निरीक्षक ने यातायात कुप्रबंधन और पार्किंग की समस्या के तात्कालिक निदान का भरोसा दिया। इसके लिए उन्होंने व्यापारी और टैक्सी संचालकों से पुलिस को सहयोग देने का आग्रह भी किया।
