सितारगंज: पत्नी को तीन तलाक देकर पति ने कराया हलाला एग्रीमेंट
सितारगंज, अमृत विचार। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक व हलाला से बचाने के लिए सरकार ने भले ही कानून बना दिए हैं, लेकिन इससे संबंधित मामले आज भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को सामने आया जिसमे शौहर ने कानून के विरुद्ध अपनी बीवी को न सिर्फ तलाक दिया बल्कि गैर …
सितारगंज, अमृत विचार। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक व हलाला से बचाने के लिए सरकार ने भले ही कानून बना दिए हैं, लेकिन इससे संबंधित मामले आज भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को सामने आया जिसमे शौहर ने कानून के विरुद्ध अपनी बीवी को न सिर्फ तलाक दिया बल्कि गैर युवक के साथ हलाला करने का एग्रीमेंट भी करा लिया।
अपनी पुत्री के साथ गुजरी इस घटना से सितारगंज पुलिस को अवगत कराते हुए उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत के थाना अमरिया में रहने वाले एक बुजुर्ग ने बताया कि उसने अपनी पुत्री का विवाह किच्छा मार्ग स्थित गांव के युवक से किया था। पुलिस को दी शिकायत में बुजुर्ग के अनुसार बेटी का पति व ससुराली अक्सर दहेज के लिए मारपीट करते थे। बीती 12 फरवरी को उसके दामाद ने अपनी बहन व बहनोई के उकसाने पर उसे ट्रिपल तलाक दे दिया। इतना ही नहीं, उसने पत्नी से हलाला (गैर व्यक्ति से निकाह के बाद पुनः बीबी का दर्जा ) देने का शपथ पत्र भी ले लिया।
एग्रीमेंट में कथित तौर पर गवाहों के साइन भी कराए गए हैं। इसके तहत उसकी पुत्री हलाला के नियमों के अनुरूप 626 दिन किसी दूसरे स्थान पर बिताएगी। इस समय के अंतराल में आरोपी दामाद ने उसकी पुत्री को एक हज़ार रुपए प्रति सप्ताह का खर्च देने की बात स्वीकार की है। हलाला के दौरान आरोपी दामाद ने एग्रीमेंट में उसकी पत्नी को दूसरे स्थान पर रहने के लिए जगह उपलब्ध कराने का भी करार किया है। शपथपत्र में शौहर, बीवी के अलावा गवाहों के साइन होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
