हल्द्वानी: कांग्रेस को आपदा पर बोलने का हक नहीं : मुख्यमंत्री
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस को आपदा पर बिल्कुल भी बोलने का हक नहीं है। जब 2013 में केदारनाथ में आपदा आई थी तब कांग्रेस के नेता दिल्ली गए हुए थे अपने एक नेता का जन्मदिन मनाने के लिए, जबकि वो नेता विदेश घूमने गया था। दिल्ली में नेता के फोटो को लड्डू खिलाने में लगे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस को आपदा पर बिल्कुल भी बोलने का हक नहीं है। जब 2013 में केदारनाथ में आपदा आई थी तब कांग्रेस के नेता दिल्ली गए हुए थे अपने एक नेता का जन्मदिन मनाने के लिए, जबकि वो नेता विदेश घूमने गया था। दिल्ली में नेता के फोटो को लड्डू खिलाने में लगे हुए थे और प्रदेश की जनता आपदा से जूझ रही थी। आपदा आने के तीन दिन बाद कांग्रेसी नेता दिल्ली से लौटे थे। यह बात मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को हल्द्वानी में उत्तराखंड मुक्त विवि के प्रशासनिक भवन के लोर्कापण समारोह में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
सीएम रावत ने कहा कि चमोली आई आपदा में प्रदेश सरकार और सभी एजेंसियों के बीच पूरा समन्वय है। एसडीआरएफ सबसे पहले चमोली के रैणी में बनी झील के पास पहुंची। एसडीआरएफ सिर्फ प्रदेश ही नहीं देश में भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों मंट जाकर काम करती है। यह देश की सर्वश्रेष्ठ आपदा बचाव एजेंसी है। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा को रोका नहीं जा सकता है लेकिन इसके प्रभाव को कम करने के लिए विशेषज्ञों, संस्थानों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन को तकनीकी शिक्षा का पाठ्यक्रम बनाने के लिए अभी विचार किया जाएगा।
रावत ने कहा कि जमरानी बांध प्रोजेक्ट तराई भांबर के लिए जरूरी है क्योंकि इस बांध के बनने से तराई भांबर मे पानी की कमी दूर होगी। सभी को ग्रैविटी वाटर मिलेगा और यहां की सामाजिक, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। गिरते हुआ भूजल स्तर बढ़ेगा। इसके लिए निर्वासितों और विस्थापितों को बसाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चौखुटिया में हवाई पट्टी बनाई जा रही है ताकि एलीट क्लास का पर्यटक भी आए। वहीं उत्तराखंड क्रिकेट टीम कोच वसीम जाफर के सांप्रदायिक होने का आरोप लगाते हुए दिए इस्तीफे के सवाल पर जबाव दिया कि अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है यदि शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में बेरोजगारी दूर करने के लिए 2500 नर्सिंग पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। इस दौरान विधायक नवीन दुम्का व राम सिंह कैड़ा, मेयर जोगेंद्र रौतेला, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रकाश रावत, ध्रुव रौतेला, जेडए अंसारी आदि मौजूद थे।
हल्द्वानी को मिली तिकोनिया और नई रिंग रोड की सौगात
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि हल्द्वानी को जाम से निजात दिलाने के लिए तिकोनिया में फ्लाईओवर बनाने के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रिंग रोड की तर्ज पर कठघरिया में भी रोड चौड़ीकरण किया जाएगा इसके लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग का बजट रिलीज कर दिया गया है ताकि दिल्ली से आने वाले वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इन दोनों प्रोजेक्टों पर तेजी से काम किया जा रहा है।
यह छोटी बात है, इस पर क्या बात करना
मुख्यमंत्री रावत ने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का नाम बदले जाने को लेकर किच्छा विधायक राजेश शुक्ला और जिला पंचायत अध्यक्ष के बीच उपजे विवाद को मामूली करार दिया। इस मामले में किस पक्ष का साथ देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये बहुत छोटी बात है इस पर क्या बात करना कहते हुए जबाव टाल दिया।
