किच्छा: ऊधम सिंह नगर में बीस हजार में बिकते हैं तमंचे
किच्छा,अमृत विचार। अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए गठित की गई स्पेशल टास्क फोर्स की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए अवैध हथियारों के तस्कर को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया। उत्तर प्रदेश निवासी अवैध हथियार तस्कर के खिलाफ पुलिस ने …
किच्छा,अमृत विचार। अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए गठित की गई स्पेशल टास्क फोर्स की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए अवैध हथियारों के तस्कर को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया। उत्तर प्रदेश निवासी अवैध हथियार तस्कर के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी पर रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है ।
तस्करों पर लगाम लगाने के लिए टीम द्वारा लगातार उत्तराखंड के सीमावर्ती जनपदों में तस्करों पर लगाम लगाने के लिए तलाश की जा रही थी। एसटीएफ की टीम को सूचना मिली कि यूपी क्षेत्र से अवैध हथियारों को उत्तराखंड में तस्करी किया जा रहा है और भारी मात्रा में अवैध हथियारों को उत्तराखंड में पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। सूचना पर एसटीएफ के प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम तथा पुलभट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया । सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 15 बोर के 4 अवैध तमंचे , 12 बोर के तीन तमंचे ,चार जिंदा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिए। अवैध हथियारों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को आरोपी ने बताया कि वह जहानाबाद क्षेत्र से 10 हजार रुपए प्रति तमंचे की खरीद कर उधम सिंह नगर क्षेत्र में 20 हजार रुपए प्रति तमंचे के हिसाब से बिक्री करता था ।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जहानाबाद क्षेत्र में 10 वर्ष पूर्व मारपीट का भी एक मुकदमा पंजीकृत है। वह गत 10 वर्षों से किच्छा क्षेत्र में पल्लेदारी का कार्य करता है । पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी हथियारों का शातिर सप्लायर है ,जो कि पूर्व में भी कई बार जहानाबाद पीलीभीत क्षेत्र से अवैध हथियारों की तस्करी कर उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर में सप्लाई कर चुका है। पुलिस के अनुसार बरामद हुए अवैध तमंचों को पुलभट्टा क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए लाया गया था। आरोपी के आपराधिक इतिहास तथा उत्तराखंड में किन किन क्षेत्रों तथा किस किस व्यक्ति को अवैध तमंचे की बिक्री के बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक केसी मठपाल, थाना प्रभारी विनोद जोशी सहित एसआई बसंत पंत, गोविंद सिंह बिष्ट , दुर्गा सिंह , गुरवंत सिंह , संजय कुमार , किशोर कुमार , सुरेंद्र सिंह , गोविंद यादव आदि शामिल रहे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद हुई बाइक को सीज करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
