किच्छा: कांग्रेस ने भाजपा को दी करारी शिकस्त
किच्छा, अमृत विचार। नगर के इंदिरा गांधी खेल मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में भाजपा और कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच खेले गए मैच में कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारियों को करारी शिकस्त दी। खेल मैदान में कांग्रेसियों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए भाजपाइयों को धूल चटा दी। युवा मंच सोसायटी के तत्वाधान …
किच्छा, अमृत विचार। नगर के इंदिरा गांधी खेल मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में भाजपा और कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच खेले गए मैच में कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारियों को करारी शिकस्त दी। खेल मैदान में कांग्रेसियों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए भाजपाइयों को धूल चटा दी।
युवा मंच सोसायटी के तत्वाधान में नगर के इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कोतवाली प्रभारी चन्द्र मोहन सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए मैच का उद्घाटन किया। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सद्भावना मैच का आयोजन समय-समय पर किया जाना चाहिए, क्योंकि इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन से आपसी भाईचारा बढ़ता है और शरीर भी स्वस्थ रहता है।
प्रतियोगिता के दौरान भाजपा टीम के कप्तान विवेक राय ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भाजपा की टीम ने शानदार पारी खेलते हुए 15 ओवर में 157 रन का लक्ष्य कांग्रेस की टीम के सामने रखा। लक्ष्य प्राप्त होने के बाद कांग्रेस टीम के ओपनर बल्लेबाज सुनील यादव व फिरदौस सलमानी ने शुरुआत करते हुए जल्द ही अपना एक विकेट खो दिया। मैच में उतरे कांग्रेस टीम के खिलाड़ी अक्षय बाबा, अकरम खान, दानिश मलिक, सचिन चावला ने शानदार तरीके से सुनील यादव का साथ दिया और जल्द ही लक्ष्य के नजदीक पहुंच गए। इसी बीच सुनील यादव का विकेट गिरने के बाद कांग्रेस की टीम दबाव में आ गई। मैदान में उतरे अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद इमरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कांग्रेस की टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।
कांग्रेस टीम के कप्तान नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा व टीम सरंक्षक प्रदेश सचिव संजीव कुमार सिंह ने कहा किसी भी प्रतियोगिता को जीतने के लिए टीम में एकता की बहुत आवश्यकता होती है, इसलिए हमें एक होकर हर चुनौती का सामना करना चाहिए। इस दौरान नगर पालिका सभासद मोहम्मद दानिश ने खेल मैदान में कमेंट्री करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और अपनी कमेंट्री से सभी का दिल जीत लिया। कांग्रेस टीम की जीत के बाद कांग्रेसियों ने खुशी का इजहार करते हुए एक दूसरे को बधाई दी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धीरज रघुवंशी, शरण संधू , दिनेश भाटिया नितेश बाला भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
फोटो परिचय- विजय होने के बाद खुशी जताती कांग्रेस की टीम।
