हल्द्वानी: गौलापार में किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत, जहरीला पदार्थ गटकने की आशंका
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार के नवाड़खेड़ा में सातवीं की छात्रा की रहस्यमय हाल में मौत हो गई। वह चार दिन से स्कूल नहीं जा रही थी। छात्रा के विषपान की आशंका जताई गई। पोस्टमार्टम के बाद जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। गौलापार में रिटायर्ड …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार के नवाड़खेड़ा में सातवीं की छात्रा की रहस्यमय हाल में मौत हो गई। वह चार दिन से स्कूल नहीं जा रही थी। छात्रा के विषपान की आशंका जताई गई। पोस्टमार्टम के बाद जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
गौलापार में रिटायर्ड शिक्षक लाल सिंह बोरा के खेत में बटाई का काम करने वाले शाहजहांपुर के मूल निवासी मुन्ना लाल का परिवार यहां अस्थाई तौर पर रह रहा है। गुरुवार को मुन्ना मजदूरी करने गया था, जबकि पत्नी विनीता खेत में काम कर रही थी। इस बीच साढ़े तीन बजे उनकी सबसे बड़ी और इकलौती बेटी खुशबू (15) खेत में पहुंची और पेट दर्द की शिकायत की। हालत बिगड़ने पर उसे बेस अस्पताल लाया गया। जहां से उसे एसटीएच रेफर कर दिया गया।
सुशीला तिवारी अस्पताल में देर रात करीब डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने आशंका जताई कि खुशबू ने टमाटर की फसल में प्रयुक्त होने वाला कीटनाशक पी लिया, लेकिन विषपान का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। बेटी के असमय निधन से माता-पिता बदहवास हाल में हैं। घटना के वक्त घर पर अकेली खुशूब ही थी। जबकि तीन और छोटे भाई बाहर खेल रहे थे। खेड़ा चौकी प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि घटना की कारणों की जांच कराई जा रही है।
होनहार छात्रा की मौत से विद्यालय में शोक की लहर
हल्द्वानी। खुशबू उच्च प्राथमिक विद्यालय में सातवीं की छात्रा थी। स्कूल में उसकी छवि अपनी कक्षा की होनहार छात्रा के रूप में थी। इसके साथ ही वह सीधे स्वभाव के साथ ही मेहनती भी थी। स्कूल की पढ़ाई, खेत में माता-पिता का हाथ बंटाने के साथ ही घर में सिलाई का काम भी करती थी। शुक्रवार को उसके निधन का पता चलने पर सहपाठी और अध्यापक सन्न रह गए। प्रधानाचार्य एनसी पुजारी ने बताया कि शोक सभा के बाद दूसरी पाली में अवकाश घोषित कर दिया गया।
