अल्मोड़ा: ऐपण के लिए देहरादून में बनेगा विश्वस्तरीय इंपोरियम
अल्मोड़ा, अमृत विचार। ऐपण हमारी संस्कृति और परंपरा का एक हिस्सा है। इस विधा को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान मिल सके। इसके लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। ऐपण से बने उत्पादों के विपणन के लिए देहरादून में विश्व स्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इंपोरियम का भी निर्माण किया जा …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। ऐपण हमारी संस्कृति और परंपरा का एक हिस्सा है। इस विधा को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान मिल सके। इसके लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। ऐपण से बने उत्पादों के विपणन के लिए देहरादून में विश्व स्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इंपोरियम का भी निर्माण किया जा रहा है।
यह बात सूबे के मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत ने द्वाराहाट के शीतला पुष्कर मैदान में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हस्त शिल्प को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। जिसके लिए सरकार जल्द ही पांच हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था करने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के पैतृक संपत्ति में सह खातेदारी दी है। जिससे आने वाले समय में महिलाओं की स्थिति में व्यापक परिवर्तन देखने का मिलेगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं का उत्थान हो सके। इसके लिए मुख्यमंत्री घस्यारी योजना का शुभारंभ किया है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर कार्य हो सके।
इसके लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। रावत ने कहा कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए द्वाराहाट और कर्णप्रयाग विधानसभा के क्षेत्रों के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चौखुटिया में हवाई पट्टी और तड़ागताल झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। कार्यक्रम से पूर्व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों के साथ माल्यार्पण कर भव्य स्वागत भी किया।
इस मौके पर आयुक्त कुमाऊं अरविंद सिंह हयांकी, आईजी अजय रौतेला, अपर सचिव मेहरबान सिंह, टी बोर्ड उपाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, आपदा प्रबंधन सलाहकार कैलाश पंत, स्वास्थ्य सलाहकार समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल सती आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का किया विरोध, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चौखुटिया : प्रदेश में बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी और द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी के डीएनए टेस्ट की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किया। पूर्व विधायक व कांग्रेस उपाध्यक्ष मदन बिष्ट के नेतृत्व में चौखुटिया और द्वाराहाट के कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सीएम के कार्यक्रम स्थल की रवाना हुए। इस दौरान पुलिस कर्मियों से कार्यकर्ताओं की काफी बहस और धक्का मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने पूर्व विधायक मदन बिष्ट समेत चौखुटिया और द्वाराहाट के करीब पचास कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
