हल्द्वानी: गैरसैंण में हुई घटना के विरोध में विपक्षी दलों का फूटा गुस्सा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा घेराव करने गैरसैंण जा रहे लोगों पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा भांजी गई लाठियों के विरोध में मंगलवार को विपक्षी दलों का गुस्सा फूटा। आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और त्रिवेंद्र सरकार …

हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा घेराव करने गैरसैंण जा रहे लोगों पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा भांजी गई लाठियों के विरोध में मंगलवार को विपक्षी दलों का गुस्सा फूटा। आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और त्रिवेंद्र सरकार का पुतला फूंका। विपक्ष दलों ने राज्य सरकार को तानाशाह सरकार बताया।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि त्रिवेंद्र रावत सरकार डरी हुई है और वह हमेशा पुलिस का सहारा लेती रही है। लिहाजा उनको अपना चुनाव चिन्ह बदलकर कमल के फूल के बदले लाठी कर देना चाहिए। वहीं, यूकेडी ने इसे आंदोलनकारियों का अपमान बताया और कहा कि यह सरासर हिटलर शाही है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी को राज्य की जनता सबक जरूर सिखाएगी। उधर, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों का अपमान कर रही है जिस तरह से कल गैरसैंण में लाठीचार्ज हुआ। वह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।

कांग्रेस के एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तानाशाही पर उतर चुकी है जो भी सरकार को अपनी बात सुनाना चाहता है तो उसकी आवाज कुचलने की कोशिश की जाती है। गैरसैंण में जनता सरकार से बात करना चाहती थी, लेकिन सरकार ने पुलिस से लाठी चार्ज करवा दिया। जोकि राज्य आंदोलनकारियों और जनता का अपमान है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। पुतला फूंकने वालों में महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महेश शर्मा, हेमंत बगड़वाल, मंजू तिवारी, वरुण भाकुनी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, संजय बिष्ट आदि शामिल रहे।

उधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व जिला समन्वयक समित टिक्कू के साथ आप कार्यकर्ताओं ने ने बुद्ध पार्क में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर आप नेता समित टिक्कू ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की घटना निंदनीय व दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा की सरकार केंद्र में हो या राज्यों में, जनता की मांगों का इसी प्रकार दमन कर रही है। इस दौरान पार्टी के संगठन मंत्री मनोज नेगी, अब्दुल कादिर, शबाब खान, पुष्कर बिष्ट, खेम करण, शमी कुरैशी, रमेश सिंह राठौर, दिनेश जोशी, हिमांशू ठाकुर, अजय शाहू, मुकेश शर्मा आदि शामिल रहे।

वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं ने भी पुतला फूंक नारेबाजी की। उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार को पहाड़ विरोधी बताया है। इस प्रर्दशन का नेतृत्व रवि बाल्मीकि ने किया। इस अवसर पर यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवन जोशी, केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

संबंधित समाचार