महाराजगंज: सोनौली बार्डर पर महिला जवान पर हमले के बाद पहुंचे डीएम-एसपी, शुरू कराया आवागमन
अमृत विचार, महाराजगंज। भारत नेपाल के सोनौली बार्डर पर ड्यूटी पर तैनात एसएसबी महिला जवान पर हमले को लेकर उपजे तनाव को देखते हुए डीएम और एसपी सोनौली बॉर्डर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत करते हुए महराजगंज जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने कहा कि सीमा पर स्थितियां सामान्य हो गई …
अमृत विचार, महाराजगंज। भारत नेपाल के सोनौली बार्डर पर ड्यूटी पर तैनात एसएसबी महिला जवान पर हमले को लेकर उपजे तनाव को देखते हुए डीएम और एसपी सोनौली बॉर्डर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत करते हुए महराजगंज जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने कहा कि सीमा पर स्थितियां सामान्य हो गई हैं, आवागमन शुरू करा दिया गया है। एसएसबी के महिला जवान पर हमला करने वाली महिला के विरुद्ध जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे भारत-नेपाल के सोनौली बार्डर के गली नंबर दो पर ड्यूटी कर रही एसएसबी की एक महिला जवान ने एक नेपाली महिला को जब रोका तो नेपाली महिला ने सीमा पर ड्यूटी कर रही महिला जवान पर हमला बोल दिया और नेपाल भाग गई। इस दौरान एसएसबी महिला जवान को गम्भीर चोटें आईं। महिला जवान पर हमले के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया। सरहद के दोनों ओर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
नेपाली नागरिक अपनी सीमा में पुलिस चौकी का बैरियर गिराकर प्रदर्शन करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसपी सोनौली बार्डर पहुंचे और नेपाली अधिकारियों से मिलकर पूरी जानकारी ली। करीब 4 घंटे तक बंद रहे नेपाल भारत आवागमन को डीएम ने आपसी सहमति से पुनः शुरू कराया।
