रुद्रपुर: अब सिग्नल लाइट पर चलेगा शहर का ट्रैफिक
अर्शी खान, रुद्रपुर। जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और मुख्य चौराहों पर यातायात का भारी दबाव देखते हुए यातायात पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। अब जिले में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यातायात ट्रैफिक सिग्नल लाइट पर चलेगा। इसके लिए यातायात विभाग द्वारा जिले में 11 जगह चिन्हित कर ली गयी है। जहां अप्रैल …
अर्शी खान, रुद्रपुर। जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और मुख्य चौराहों पर यातायात का भारी दबाव देखते हुए यातायात पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। अब जिले में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यातायात ट्रैफिक सिग्नल लाइट पर चलेगा। इसके लिए यातायात विभाग द्वारा जिले में 11 जगह चिन्हित कर ली गयी है। जहां अप्रैल से ट्रैफिक सिग्नल लाइट कार्य करने लगेंगी।
यातायात क्षेत्राधिकारी भूपेन्द्र सिंह भंडारी ने बताया कि जिले में कई स्थानों पर यातायात का भारी दबाव देखते हुए ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। बताया कि इसकी शुरुआत नैनीताल जिले मे हो चुकी है, वहां से काम पूरा कर अनुबंधित कंपनी ऊधमसिंह नगर जिले में भी ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने का काम जल्द ही शुरू कर देगी। जिसके बाद जिले का यातायात ट्रैफिक सिग्नल लाइट के माध्यम से चलेगा। वही जहां पहले से ट्रैफिक सिग्नल लाइट है उनकी मरम्मत का कार्य करवाकर उसे भी चालू कर दिया जाएगा। बताया कि अभी जिले के प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव अधिक है और यातायात अस्त-व्यस्त तरीके से चलता है। इसलिए वहां पर हर पल हादसे का डर बना रहता है।
ट्रैफिक सिग्नल लाइट चालू होने से इसमें सुधार होगा। साथ ही चौराहों पर लगे यातायात विभाग के कर्मियों को भी राहत मिलेगी और उन्हें दूसरी जगह पर आवश्यकतानुसार लगाया जा सकेगा।
जिले के यह प्रमुख चौराहे हुए चिन्हित
जिलेभर में यातायात व्यवस्था सुधारने को 11 प्रमुख जगह को ट्रैफिक सिग्नल लाइट के लिए चिन्हित किया गया है। सीओ यातायात भूपेन्द्र सिंह भंडारी ने बताया कि जिले से चिन्हित स्थानों में रुद्रपुर का इंदिरा चौराहा, गाबा चौराहा, मुख्य बाजार व तीन पानी तिराहा, बाजपुर का रामराज्य, किच्छा का दरुउ चौराहा, पुलभट्टा, काशीपुर का चैती चौराहा व टांडा चौराहा, सितारगंज में अमेरिया चौराहा और खटीमा चौराहा शामिल है। जहां पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट पर यातायात सुचारू होगा।
