काशीपुर: 16 लाख का गबन करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। सीएमएस कंपनी के कस्टोडियन द्वारा एटीएम में पैसा जमा कराने के दौरान गबन किए गए 16 लाख रुपयों का पुलिस टीम ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लाख रुपयों की नकदी, एक स्विफ्ट कार, दो बैग, टूलकिट, एक की बोर्ड, दो एडमिन कार्ड व बैंक …
काशीपुर, अमृत विचार। सीएमएस कंपनी के कस्टोडियन द्वारा एटीएम में पैसा जमा कराने के दौरान गबन किए गए 16 लाख रुपयों का पुलिस टीम ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लाख रुपयों की नकदी, एक स्विफ्ट कार, दो बैग, टूलकिट, एक की बोर्ड, दो एडमिन कार्ड व बैंक की पासबुक समेत 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसएसपी व एएसपी द्वारा पुलिस टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा की गई।
बीती 22 फरवरी को सीएमएस कंपनी हल्द्वानी के शाखा प्रबंधक विजय सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी कंपनी एटीएम मशीनों में पैसा जमा करने का काम करती है। बीती 29 जनवरी को उनकी कंपनी के दो कस्टोडियनो द्वारा मुरादाबाद रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम मशीन में पैसे डालने के दौरान 16 लाख रुपयों का गबन कर लिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 409, 420, 120 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम मोहल्ला थाना साबिक काशीपुर निवासी देवेश यादव, चौड़े के हनुमान नगर थाना हजीरा जनपद ग्वालियर मध्य प्रदेश निवासी अभिमन्यु और उमेश उर्फ गोलू, राज नगर पार्ट-2 पालम कॉलोनी पश्चिमी दिल्ली निवासी ओमपाल, ग्राम पाची थाना खरखोदा जिला मेरठ उत्तर प्रदेश निवासी रवि कुमार बताया। पुलिस टीम ने पांचों के कब्जे से 10 लाख रुपयों की नकदी के अलावा आरोपी रवि कुमार के इलाहाबाद बैंक के खाते से दो लाख 15 हजार, एक स्विफ्ट डिजायर कार संख्या एमपी 07 सीजे/1880, दो बैग, दो टूलकिट, एक की-बोर्ड, दो एडमिन कार्ड, व बैंक की पासबुक बरामद किया।
खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र गौरव, उप निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल सुनील तोमर, कैलाश चंद्र, दिनेश चंद्र, कैलाश तोमक्याल व एसओजी के कांस्टेबल गिरीश कांडपाल शामिल रहे।
अभिमन्यु एवं ओमपाल थे गिरोह के मास्टरमाइंड
काशीपुर। एएसपी कार्यालय में शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने इस घटना से पूर्व शरीफ नगर ठाकुरद्वारा में भी इसी प्रकार की घटना को अंजाम देते हुए 15 लाख रुपयों का गबन किया था। इस मामले में ठाकुरद्वारा कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। एसपी कुमार ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी कस्टोडियन देवेश यादव द्वारा एटीएम में पैसा जमा करने के दौरान एटीएम लॉक करते समय अपने दूसरे साथी को किसी अन्य कार्य में व्यस्त रखकर एटीएम को हाफ लॉक करके छोड़ दिया जाता था। जो प्रथम दृष्टया देखने में लॉक प्रतीत होता था।
इसके बाद कस्टोडियन टीम एटीएम से जैसे ही वापस चली जाती थी तो देवेश अपने साथियों को एटीएम में बुलाता था। दो लोग एटीएम के बाहर निगरानी करते थे व तीन लोग एटीएम के अंदर जाकर लॉक खोलकर धनराशि निकाल लेते थे। एसपी ने बताया कि आरोपी ओमपाल का काम एटीएम को हैक कर निकाली गई धनराशि को कार्ड से घटाकर घटाई हुई राशि को तुरंत ही करंट बैलेंस करना व उसके बाद सारी डिटेल शून्य करके व हार्ड डिस्क को खराब करने का था। गिरोह के मास्टरमाइंड अभिमन्यु एवं ओमपाल थे।
