बरेली कॉलेज में परीक्षा के दौरान कक्षाएं होंगी शिफ्ट
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के चलते शिक्षण कार्य बंद नहीं किया जाएगा। कक्षाओं को दूसरे भवनों में शिफ्ट किया जाएगा। शनिवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षकों के साथ बैठक की जिसमें कक्षाएं प्रभावित न होने की रणनीति बनाई गई। बैठक में निर्णय …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के चलते शिक्षण कार्य बंद नहीं किया जाएगा। कक्षाओं को दूसरे भवनों में शिफ्ट किया जाएगा। शनिवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षकों के साथ बैठक की जिसमें कक्षाएं प्रभावित न होने की रणनीति बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षाओं के दौरान सख्ती की जाएगी। इसके लिए मजबूत सिटिंग प्लान बनाया जाएगा। एलएलबी छात्रों के बीच किसी दूसरे विषय का एक छात्र बैठाया जाएगा।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। एलएलबी की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होंगी। बरेली जिले में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें बरेली कॉलेज में सबसे ज्यादा 13 महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में अनुमानित छात्रों की संख्या 5200 से अधिक रखी गई है। ऐसे में एक ही समय में काफी संख्या में छात्र परीक्षा देने पहुंचेंगे। बरेली कॉलेज में शिक्षण कार्य सुबह 8 बजे से शुरू हो जाता है।
वर्तमान समय में सुबह 10 बजे से 2 बजे तक मुख्य परीक्षा के संस्थागत फार्म जमा हो रहे हैं। दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक व्यक्तिगत फार्म जमा हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षण कार्य शुरू रखने को लेकर संशय बना हुआ था। शनिवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा व अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में बैठक की। बैठक में सभी शिक्षकों से राय जानी गई।
इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि परीक्षाएं कामर्स और कला विभाग में आयोजित करायी जाएंगी। इनके छात्रों का शिक्षण कार्य बीबीए व बीसीए विभाग में कराया जा सकता है। इसके अलावा अन्य कक्षों में भी कक्षाओं को शिफ्ट किया जा सकता है। प्राचार्य ने पूरा प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। परीक्षा में सख्ती के लिए कक्ष निरीक्षकों, फ्लाइंग स्क्वायड को लेकर भी तैयारी की गई। प्राचार्य ने कहा कि पानी, सेनेटाइजर और मास्क का इंतजाम किया जाए।
पुलिस को भी लिखा पत्र
एलएलबी की पूर्व परीक्षाओं में नकल के दौरान कई बार हंगामा हो चुका है। ऐन वक्त पर पुलिस भी बुलानी पड़ी थी। सबसे ज्यादा दिक्कत स्वकेंद्र होने से कॉलेज के ही एलएलबी छात्रों से होती है। यही वजह है कि इस बार काफी सख्ती की तैयारी है। सबसे पहले तो एलएलबी के छात्रों और छात्राओं को अलग-अलग बैठाया जाएगा। एलएलबी के एक छात्र के बीच में किसी दूसरे विषय के छात्र को परीक्षा के लिए बैठाया जा सकता है ताकि वह पास के छात्र से भी नकल न कर सकें। चीफ प्रॉक्टर ने बारादरी थाना प्रभारी को भी पत्र लिखा है कि परीक्षाओं के दौरान पुलिस फोर्स मौजूद रहे ताकि हंगामा करने वाले छात्रों पर कार्रवाई की जा सके।
