हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय के अब नहीं लगाने होगें चक्कर, 18 सेवाएं हुई ऑनलाइन
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाइसेंस बनाने से लेकर आरसी को रिन्यू कराना आसान हो गया है। अब लोगों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और घर बैठकर ही परिवहन विभाग से संबंधित अधिकांश काम को आसानी से कर सकेंगे। आरटीओ राजीव मेहरा ने बताया कि परिवहन विभाग की 18 सेवाओं को भी ऑनलाइन कर दिया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाइसेंस बनाने से लेकर आरसी को रिन्यू कराना आसान हो गया है। अब लोगों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और घर बैठकर ही परिवहन विभाग से संबंधित अधिकांश काम को आसानी से कर सकेंगे।
आरटीओ राजीव मेहरा ने बताया कि परिवहन विभाग की 18 सेवाओं को भी ऑनलाइन कर दिया गया है। इससे आमजन को काफी मदद मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए किसी दूसरे डॉक्यूमेंट्स नहीं देने होंगे। आपको सिर्फ parivahan.gov.in पर जाकर अपने आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र या हाईस्कूल की मार्कशीट को वेरिफाई करना होगा। इसके बाद आप घर बैठे 18 सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
कहीं का हो आधार, कहीं से बना सकते हैं लाइसेंस
आरटीओ राजीव मेहरा ने बताया कि प्रदेश में किसी भी जिले में बना आधार हो, इसके बावजूद भी अन्य जिलों से भी लाइसेंस बनाया जा सकता है। यानी नैनीताल जिले का रहने वाला व्यक्ति ऊधमसिंह नगर में भी लाइसेंस बना सकता है।
नागरिकों की सुविधा के लिए फैसला
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की तरफ से यह सेवाएं ऑनलाइन हुई है। नागरिकों को सुविधाजनक और बिना परेशानी के सेवाएं देने के लिए यह फैसला लिया गया है। ऐसे में आमजन को किसी माध्यम के जरिए आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आधार से डीएल और आरसी से कराना होगा लिंक
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के फैसले पर सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी की आरसी को आधार से लिंक करने के लिए कहा है। अब आधार वेरिफिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन सेवाएं ली जा सकेंगी। अब आप आधार-लिंक्ड वेरिफिकेशन से घर बैठे ही कई काम करवा सकेंगे।
नहीं देनी होगी अधिक रकम, न लगाने होंगे चक्कर
परिवहन विभाग की 18 सेवाएं ऑनलाइन होने के बाद से आम जनता को लाइसेंस से लेकर अन्य कामों के लिए अधिक रकम नहीं चुकानी होगी। इसके साथ ही लोगों को दलालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अधिकांश तौर पर कई बार सामने आता है कि लाइसेंस की फीस की अपेक्षा कई गुना रुपया वसूल कर लिया जाता है। इसके अलावा लर्निंग और पक्का लाइसेंस के लिए भी पैकेज तय किया जाता है।
यह 18 सेवाएं हुई ऑनलाइन
1-लर्निंग लाइसेंस
2-ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, जिसमें गाड़ी चलाने की जांच जरूरी नहीं होती
3-डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस
4-ड्राइविंग लाइसेंस में पता का परिवर्तन और पंजीकरण प्रमाण पत्र
5-अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट जारी करना
6-लाइसेंस से वाहन की श्रेणी को छोड़ना
7-मोटर वाहन के अस्थायी पंजीकरण के लिए आवेदन
8-पूरी तरह से निर्मित बॉडी के साथ मोटर वाहन के पंजीकरण के लिए आवेदन
9-पंजीकरण का डुप्लिकेट प्रमाणपत्र जारी करने के लिए आवेदन
10-पंजीकरण प्रमाणपत्र के लिए एनओसी प्रदान करने के लिए आवेदन
11-मोटर वाहन के स्वामित्व के हस्तांतरण की सूचना
12-मोटर वाहन के स्वामित्व के हस्तांतरण के लिए आवेदन
13-पंजीकरण प्रमाणपत्र में पते के परिवर्तन की सूचना
14-मान्यताप्राप्त चालक प्रशिक्षण केंद्र से चालक प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण के लिए आवेदन
15-राजनयिक अधिकारी के मोटर वाहन के पंजीकरण के लिए आवेदन
16-राजनयिक अधिकारी के मोटर वाहन को नया पंजीकरण चिह्न सौंपने के लिए आवेदन
17-किराया खरीद करार की अनुशंसा
18-किराया खरीद करार की समाप्ति
