बरेली: लर्निंग ड्राइवर की गाड़ी पर कौन बैठना चाहेगा
अमृत विचार, बरेली। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक पूर्व मुख्यमंत्री, एक राष्ट्रीय महासचिव और एक वरिष्ठ नेता पर निशाना साधते हुए उन्हें लर्निंग ड्राइवर बताया। कहा कि पहाड़ पर लर्निंग ड्राइवर के हाथों में गाड़ी का स्टेयरिंग …
अमृत विचार, बरेली। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक पूर्व मुख्यमंत्री, एक राष्ट्रीय महासचिव और एक वरिष्ठ नेता पर निशाना साधते हुए उन्हें लर्निंग ड्राइवर बताया। कहा कि पहाड़ पर लर्निंग ड्राइवर के हाथों में गाड़ी का स्टेयरिंग थमा दिया जाए तो कौन बैठना चाहेगा। ठीक यही हालत विपक्ष की है। इसलिए लर्निंग ड्राइवर की गाड़ी में कोई बैठना नहीं चाहेगा। लर्निंग ड्राइवर कभी भी गाड़ी गड्ढे में गिरा सकता है।
सर्किट हाउस में रविवार सुबह पत्रकारों से वार्ता करते हुए वित्तमंत्री ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन पर कहा कि राज्य सरकार ने दो करोड़ 40 लाख किसानों को 27 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि दी है जबकि धरने पर सिर्फ 240 लोग बैठे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है जिसे आमजन के पास ले जाएं। सरकार ने चार वर्षों में बेहतर कानून व्यवस्था दी। नौजवान, छात्र, किसान, महिलाएं, मजदूर सबके लिए बेहतर कार्य किए हैं। पिछली सरकारों में एक एक्सप्रेस-वे का ढोल बजाया जाता था। राज्य सरकार पांच एक्सप्रेस-वे बनवा रही है।
सरेश खन्ना ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर गौशाला संरक्षण केंद्र बनवाने के लिए सरकार ने 300 करोड़ रुपये का बजट दिया है। अच्छे एनजीओ को संरक्षण केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कहा कि सरकार बेटी पैदा होने से लेकर उसकी शादी तक अलग-अलग योजनाएं चला रही है। चार साल में सरकार ने वे काम किए हैं जो अन्य सरकारें नहीं कर सकीं। विपक्ष के नेता सरकार के अच्छे कार्यों पर भी गलत आरोप लगा रहे हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि चार साल पहले प्रति व्यक्ति आय 52 हजार थी, आज 70 हजार हो गई।
इस दौरान फरीदपुर विधायक श्याम बिहारी, मेयर डा. उमेश गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, विनोद जोशी, अतुल कूपर, विशाल मेहरोत्रा, मनोज थपलियाल, डीएम नितीश कुमार समेत अन्य वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। वित्तमंत्री राजकीय वायुयान से आए थे। पुलिस लाइन में वायुयान उतरा। यहां मेयर, जिलाध्यक्ष समेत अन्य ने वित्तमंत्री का स्वागत किया।
एक भाजपा नेता पर झल्लाए मंत्री
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों से सरकारी योजनाओं का आमजन को लाभ पहुंचाने को लेकर फीडबैक ले रहे थे। जिलाधिकारी भी बैठे थे। इस दौरान एक भाजपा नेता बोल पड़े कि अधिकारी सुनते नहीं हैं। पात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। यह सुनते ही वित्त मंत्री सख्त हो गए।
कड़े लहजे में भाजपा नेता को ही आड़े हाथों ले लिया। झल्लाते हुए बोले, सरकारी योजनाओं का आमजन को लाभ दिलाने के लिए आपको आगे आना चाहिए। 10 हजार रुपये का लोन लेने वालों की सूची दें। जरूरत पड़ेगी तो हम स्वयं यहां कैंप कर बैंक वालों से लोगों के लोन पास कराएंगे। वित्त मंत्री ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक स्कूलों की हालत सुधारने को लेकर डीएम की सराहना की। पदाधिकारियों से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
शिकायत मिली तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री सुरेश खन्ना ने सर्किट हाउस में बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचे। योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लोगों को लाभ पहुंचाने को लेकर किसी अधिकारी की शिकायत न मिले। यदि अधिकारी की शिकायत आई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि गायों के रहन-सहन के लिए अधिक से अधिक गौ संरक्षण केंद्रों का निर्माण किया जाए।
