पंतनगर: किसान अन्नदाता ही नहीं बल्कि देश के भी प्राणदाता- बेबी रानी मौर्य

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में आयोजित 4 दिवसीय 109वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शिनी का राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होने स्टालों का निरीक्षण किया व कृषि से जुड़ी उन्नतशील प्रजातियों व कृषि उपकरणों की खासियत जानी। साथ ही …

अमृत विचार, पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में आयोजित 4 दिवसीय 109वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शिनी का राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होने स्टालों का निरीक्षण किया व कृषि से जुड़ी उन्नतशील प्रजातियों व कृषि उपकरणों की खासियत जानी। साथ ही वैज्ञानिकों को उन्नतशील प्रजातियों व कृषि उपकरणों को किसानों तक पहुचाने को कहा। वहीं, राज्यपाल ने स्वंय सहायता समूहाें की महिलाओं द्वारा उत्पादित हल्दी और लाल गुलाल की खरीददारी भी की। इस अवसर पर राज्यपाल को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. तेज प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।

सोमवार को पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अखिल भारतीय 4 दिवसीय 109वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शिनी का राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने करते हुए गांधी हाल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि जिस तरह से प्रदेश के विभिन्न स्थानों से कृषक यहां पहुंचे हैं। इससे लगता है कि हमारा किसान कृषि के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि आज भी हमारा अन्नदाता 80 प्रतिशत गांवों में निवास करता है, जिसके कारण पूरे देश में हमारी अलग पहचान है।

उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में भी जो किसान काम कर रहा है, वह मन लगाकर काम करे और देश की उन्नति में अपना योगदान देते हुए अपने आप को आत्मनिर्भर बना सके। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री चाहते हैं कि किसान को उसके द्वारा उत्पादित फसल का सही दाम मिल सके ताकि किसान को कर्ज न लेना पड़े व उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। कहा कि जिस प्रकार कोविड-19 के दौरान लोगों ने खेती को बढ़ावा दिया है वह भविष्य के लिए अच्छे संकेत है। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता ही नहीं बल्कि देश का प्राणदाता भी है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा किसानों का मान सम्मान करती हूं।

उन्होंने कहा कि जड़ी-बूटी के मामले में उत्तराखंड राज्य पूरी तरह से समृद्ध है। बाहर की कम्पनिया जड़ी- बूटी से सम्बंधित उत्पाद तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना है तो जड़ी-बूटी से जुड़े उत्पाद तैयार करना होगा, इसके लिए स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण दिये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि व्यवहारिकता में जीना सीखो वही जीवन है, हम देवभूमि में रहते हैं हमे ईश्वर के आशीर्वाद से अपार सम्पदायें मिली है। इस दौरान राज्यपाल द्वारा पद्मश्री प्रेम चन्द्र शर्मा को सम्मानित भी किया गया और कृषि से सम्बंधित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

किसान मेले के दौरान हुआ कृषक संवाद कार्यक्रम

किसान मेले के शुभारंभ पर कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। जिसमें राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने प्रदेश में लगातार भू-जल स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम कैसे जल का संरक्षण करे इस पर कार्य करने की जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ी को पानी की कमी न हो। उन्होंने कहा कि आज जो छोटे छोटे बच्चे विभिन्न प्रकार की गम्भीर बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। इसका कारण रासायनिक उर्वरकों का लगातार हो रहे इस्तेमाल करना है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल न करते हुए खेती में जैविक खाद का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आदमी की आमदनी कैसे बढ़े इस प्रकार सरकार लगातार काम कर रही हैं। वही इस संवाद के माध्यम से जो भी सवाल उठाये गये है, उन सभी बातों पर गम्भीरता से विचार किया जाएगा।

मेले में हुआ विभिन्न फर्मो के स्टाल का प्रर्दशन

मेले में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्व विद्यालय के द्वारा वाह्य शोध केन्द्रों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त विभिन्न फर्मों द्वारा अपने-अपने उत्पादों एवं तकनीकों व ट्रैक्टर, कम्बाइन हार्वेस्टर, पावर ट्रिलर, पावरप वीडर, प्लान्टर मशीन, सब-स्वायलर, सिंचाई यंत्रों एवं अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों व खरीफ की विभिन्न फसलों यथा धान, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, सोयाबीन इत्यादि के बीजों की बिक्री एवं विभिन्न शोध केन्द्रों द्वारा उत्पादित सब्जियों, फूलों, औषधीय व संगध पौधों, फलों इत्यादि के पौधों व बीजों की बिक्री भी की गई, साथ ही कृषि निवश जैसे-खाद, उर्वरक, बीज, पशु आहार, पशुचिकित्सा, कीट एवं रोग के नियंत्रण हेतु रासायनिक एवं जैविक उत्पाद, नर्सरी उत्पाद इत्यादि से सम्बन्धित फर्मों द्वारा भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

संबंधित समाचार