हल्द्वानी: परीक्षा देने के बाद भी यूनिवर्सिटी ने दिखाया अनुपस्थित
हल्द्वानी, अमृत विचार। परीक्षा देने के बावजूद भी यूनिवर्सिटी ने छात्र को अनुपस्थित दिखाया है। मार्कशीट अपडेट करने को लेकर एमबीपीजी के छात्र को यूनिवर्सिटी सिर्फ टरकाने का काम कर रही है। इस दौरान छात्र से विभिन्न दस्तावेज तो मंगाए गए और उसे दो-तीन दिन में मार्कशीट अपडेट करने की बात कही लेकिन करीब दो …
हल्द्वानी, अमृत विचार। परीक्षा देने के बावजूद भी यूनिवर्सिटी ने छात्र को अनुपस्थित दिखाया है। मार्कशीट अपडेट करने को लेकर एमबीपीजी के छात्र को यूनिवर्सिटी सिर्फ टरकाने का काम कर रही है। इस दौरान छात्र से विभिन्न दस्तावेज तो मंगाए गए और उसे दो-तीन दिन में मार्कशीट अपडेट करने की बात कही लेकिन करीब दो सप्ताह का समय बीत चुका है और मार्कशीट अपडेट नहीं हो सकी है। वहीं, कालेज प्रशासन का कहना है कि यह मामला यूनिवर्सिटी के स्तर का है।
एमबीपीजी के बीएससी के छठे सेमेस्टर के छात्र के दूसरे पेपर में उसे अनुपस्थित दिखाया गया है जबकि उसने यह परीक्षा दी है। छात्र का कहना है कि उसने वर्ष 2016 में डीएसबी कैंपस नैनीताल में बीएससी में प्रवेश लिया था। बताया गया कि छठे सेमेस्टर में दूसरे पेपर फारेस्ट्री में वह फेल हो गया था। इसके चलते वह तीन फरवरी को आयोजित स्पेशल बैक परीक्षा में बैठा था। छात्र के मुताबिक, उसने पेपर दिया लेकिन इसके बावजूद भी उसे अनुपस्थित दिखाया गया।
हालांकि, इस संबंध में उसने यूनिवर्सिटी जाकर सारी बात बताई। इस पर उसे वेरीफिकेशन कार्ड आदि मंगाए। इसके बाद उसने सभी दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी में जमा करा दिया। इस पर यूनिवर्सिटी की ओर से उसे दो-तीन दिन का समय दिया गया था लेकिन दो सप्ताह का समय बीत चुका है और उसकी मार्कशीट अपडेट नहीं हो सकी है। एमबीपीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि छात्रों के ऐसे कई मामले सामने आए हैं। इसको लेकर कालेज की ओर से इन छात्रों की सूची बनाई जा रही है। जिसे पोर्टल में अपलोड किया जा रहा है। इसके बाद ही यूनिवर्सिटी आगे की कार्यवाही करेगी। उन्होंने बताया कि अब तक बीए की ही सूची अपलोड की गई है। बीएससी और बीकॉम की सूची तैयार की जा रही है।
