हल्द्वानी: कांग्रेस ने की उपनल व संविदा में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने उपनल व विभागीय संविदा में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने और सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने गवर्नर को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है। कांग्रेस प्रदेश कमेटी के सदस्य ललित जोशी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को एसडीएम कोर्ट …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने उपनल व विभागीय संविदा में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने और सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने गवर्नर को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है।
कांग्रेस प्रदेश कमेटी के सदस्य ललित जोशी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को एसडीएम कोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम विवेक राय को ज्ञापन सौंप कर कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने 2016 में विभागीय संविदा में पांच सालों से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण और सात सालों से उपनल में कार्यरत कर्मचारियों को विभागीय संविदा में समायोजन का शासनादेश जारी किया था।
हाईकोर्ट ने इस शासनादेश पर छह माह के भीतर उपनल व विभागीय संविदा में तैनात कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन और चरणबद्ध ढंग से नियमितीकरण के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि सरकार के चार साल पूरे हो चुके हैं अभी तक हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया गया है। जबकि विभागीय संविदा व उपनल में कार्यरत कर्मचारी नियमित होने की बाट जोह रहे हैं। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह है कि दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का झांसा देने वाली भाजपा सरकार ने पिछले पांच सालों में युवाओं की सरकारी नौकरी के लिए प्रयास नहीं किए हैं।
उन्होंने उपनल, संविदा में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण और सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं की तो उग्र आंदोलन होगा। इस दौरान दिनेश बिष्ट, फिरोज सैफी, भुवन जोशी, नदीम खान, लीला कांडपाल, रचित कपूर आदि शामिल थे।
