हल्द्वानी: आग ने हल्द्वानी और मुक्तेश्वर में मचायी तबाही, 10 घंटे धधका जंगल, 10 फिट ऊंची लपटों ने डराया
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी रेंज के जंगल में विकराल आग लग गई। 10 घंटे तक खैर का जंगल धधकता रहा। सुरसा के मुंह की तरह फैलती आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि 10 फिट ऊंची लपटें उठती रहीं। अग्निशमन के छह दस्तों के 22 कर्मी 100 ग्रामीणों की मदद से आग को आबादी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी रेंज के जंगल में विकराल आग लग गई। 10 घंटे तक खैर का जंगल धधकता रहा। सुरसा के मुंह की तरह फैलती आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि 10 फिट ऊंची लपटें उठती रहीं। अग्निशमन के छह दस्तों के 22 कर्मी 100 ग्रामीणों की मदद से आग को आबादी की ओर रुख करने से रोकने में जुटे रहे।
गुरुवार सुबह 11 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज का जंगल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि 10 फिट ऊंची लपटें उठती दिखाई दी। विकराल आग ने जंगल किनारे बसे गांवों के खेतों पर अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका भी थी। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर स्टेशन से तीन दमकल दस्ते आग बुझाने पहुंचे। लेकिन विकराल आग के आगे संसाधन और फोर्स कम पड़ गई। इसपर लालकुआं के सेंचुरी पेपर मिल के साथ ही रुद्रपुर, रामनगर से भी दमकल दस्ते बुलाने पड़े।
छह दमकल दस्तों और 22 कर्मी एक साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। सबसे पहले आबादी और खेतों की ओर बढ़ती आग पर काबू पाया गया। इसके बाद जंगल की आग को आबादी क्षेत्र में फैलने से रोकने में जुटे रहे। दूसरी ओर जंगल से सटे गांवों के 100 से अधिक ग्रामीण भी अपने पानी के सात टैंकर लेकर आग बुझाने में जुटे रहे। देर शाम तक आग से 15 हेक्टेयर जंगल और 20 एकड़ से अधिक गेंहू की खड़ी फसल राख हो चुकी थी। बचाव अभियान के दौरान एसपी सिटी जगदीश चंद्र, एसडीएम विवेक राय और अग्निशमन के स्टेशन इंचार्ज श्याम सिंह के अगुवाई में दमकल दस्ते मौजूद रहे।
मुक्तेश्वर का हरा-भरा जंगल आग में स्वाहा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के पर्यटक स्थल मुक्तेश्वर में पिछली 18 मार्च से वनाग्नि है कि शांत होने का नाम नहीं ले रही। मुक्तेश्वर और उसके आसपास सटे गांवों के लोग वनाग्नि के चलते दहशत के साये में जी रहे हैं। आग का स्वरूप इतना भयंकर है कि लोगों के तमाम प्रयास के बावजूद वह इसपर काबू नहीं पा सके हैं।
लोगों का कहना है 18 मार्च से जंगल मे आग सुलग रही है जो जरा सी हवा के चलते अचानक भड़क जा रही है, लगातार मॉनिटरिंग के बावजूद आगपर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है, इधर आग का विकराल स्वरूप देख मुक्तेश्वर के ग्रॉस बाजार,सुरमाने, सरगाखेत,दाड़िम,सीमायल रैक्वाल गांव वासियों को खतरा है। लोगों ने तुरंत प्रशासन से मदद की मांग की है। उधर आग के चलते 300 से ज्यादा हरे भरे पेड़ खाक हो गए हैं, जिसको लेकर पूरा जंगल राख के ढेर में तब्दील नजर आ रहा है।
