काशीपुर: दहेज उत्पीड़न के तीन मामलों में 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। दहेज उत्पीड़न के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोहल्ला लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसकी शादी 18 अगस्त 2020 को जसपुर खुर्द निवासी बाबू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले …

काशीपुर, अमृत विचार। दहेज उत्पीड़न के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोहल्ला लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसकी शादी 18 अगस्त 2020 को जसपुर खुर्द निवासी बाबू के साथ हुई थी।

शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देकर मारपीट करने लगे। ससुराल वाले दहेज में 3 लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग करते हैं। पीड़िता ने बताया कि उसका जेठ फहीम गंदी नजर रखता है और छेड़छाड़ करता रहता है। वह कई बार दुष्कर्म का प्रयास भी कर चुका है। नवंबर में ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति बाबू, नईम, साजिया, किसवरी समेत सात लोगों के खिलाफ धारा 498(ए), 354, 323, 504, 506, 377 आईपीसी व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वहीं मौहल्ला मझरा लक्ष्मीपुर निवासी रुकईया पुत्री एहसान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 18 अगस्त 2020 को मौहल्ला के ही निवासी मौ. इमरान के साथ हुआ था। शादी के दो दिन बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। वह दहेज में एक इनोवा कार और 5 लाख रुपये नगद की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले पीड़िता को शारीरीक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति मौ. इमरान, सास फातमा बेगम, देवर मौ. जीशान, मौ. फुरकान, ननद शबनव, परवीन, सिमरन के खिलाफ धारा 498(ए), 323, 504, 506 आईपीसी और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।

उधर ग्राम गुलजारपुर निवासी मनप्रीत कौर पुत्री सुखदेव सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 18 जनवरी 2020 को कुंडा रोड लालपुर हरियावाला निवासी हरजोत सिंह के साथ हुआ था। शादी में मायके पक्ष के लोगों ने सामर्थ्य के अनुसार पांच लाख नगद दिया था। किंतु ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में पांच लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले मारपीट करने लगे। 25 अगस्त 2020 को पीड़िता का भाई हरदीप सिंह उसे बुलाने ससुराल आया तो, ससुराल वालों ने फिर मांग दोहराई।

दहेज देने में असमर्थता जताने पर ससुराल वालों ने पीड़िता को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की। जिससे उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति हरजोत सिंह, सास विरेंद्र कौर, ससुर रिशपाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।

संबंधित समाचार