हल्द्वानी: चोरी के शक में बालिका को उठा ले गए युवक
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडी चौकी क्षेत्र में एक व्यापारी के घर नकदी चोरी के शक में बालिका के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। बालिका को एक घंटा बंधक बनाने के साथ ही डराया-धमकाया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। धान मिल के पास रहने वाले …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडी चौकी क्षेत्र में एक व्यापारी के घर नकदी चोरी के शक में बालिका के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। बालिका को एक घंटा बंधक बनाने के साथ ही डराया-धमकाया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
धान मिल के पास रहने वाले एक व्यापारी के घर से 20 हजार की नकदी गायब हो गई थी। व्यापारी के परिजनों को घर में काम करने वाली 13 वर्षीय बालिका पर शक हुआ। शनिवार रात करीब 10 बजे व्यापारी का बेटा अपने साथी के साथ बालिका के घर पहुंचा।
चोरी का आरोप लगाते हुए युवकों ने परिजनों की खूब लानत-मलानत की और बालिका को पकड़ लिया। परिजनों के विरोध के बीच युवक बालिका को बाल पकड़कर घसीटते हुए कार में उठा कर ले गए।
नाबालिग को प्रताड़ित करने के साथ ही एक घंटा बंधक बनाकर रखा गया। इस बीच व्यापारी के घर से खोई नकदी पलंग के नीचे पड़ी हुई मिल गई। इसके बाद वे बालिका को वापस घर छोड़ गए। इस घटना के बीच बालिका और परिजन रातभर डरे-सहमे रहे।
रविवार को हिम्मत जुटाकर परिजन बालिका के साथ चौकी पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। उन्होंने बेटी को उठाने और डराने-धमकाने वाले व्यापारी पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई होगी।
पुलिस से शिकायत पर बनाने लगे दबाव
हल्द्वानी। पीड़ित पक्ष ने बताया कि बेटी को उठाने के विरोध पर व्यापारी पक्ष ने उन्हें धमकाया। पुलिस में शिकायत करने पर दबाव बनाने की कोशिश की। अपने रसूख और ऊपर तक पहुंच का हवाला देते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी।
