हल्द्वानी: पुलिस ने अपनी कमर के साथ ही ऑटो वालों के पेच भी कसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गेटवे ऑव कुमाऊं की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके साथ ही ऑटो चालकों के पेच कसने भी शुरू कर दिए हैं। इसके तहत नगर में ऑटो संचालन के लिए पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं का अनुपालन कराया जाएगा। इस कड़ी में एसएसपी प्रीति …

हल्द्वानी, अमृत विचार। गेटवे ऑव कुमाऊं की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके साथ ही ऑटो चालकों के पेच कसने भी शुरू कर दिए हैं। इसके तहत नगर में ऑटो संचालन के लिए पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं का अनुपालन कराया जाएगा।

इस कड़ी में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी के निर्देश पर सीओ सिटी प्रमोद शाह ने शुक्रवार को क्षेत्र में विभिन्न रूटों में संचालित ऑटो रिक्शा (टेंपो और ई रिक्शा) संचालकों की बैठक ली। इसमें सीओ ने ऑटो के बेतरतीब संचालन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में हो रही समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने व्यवस्थित यातायात के लिए पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने पर जोर दिया। संचालकों ने व्यवस्था बनाने के लिए सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में यातायात निरीक्षक राकेश माहरा, ऑटो यूनियन के संरक्षक केदार पलडिया, गिरीश चंद जोशी, भोलानाथ, भास्कर जोशी, शेर सिंह आदि थे।

बैठक के मुख्य बिंदु

– सिंधी चौराहे से ओके होटल तक रहेगा नो जोन
– पार्किंग स्टैंड से बाहर मिलने पर होगी कार्रवाई
– मुख्य चौराहों-तिराहों से 50 मीटर दूर खड़े रहेंगे
– ऑटो-ई रिक्शा का हर रूटों पर होगा संचालन
– विभिन्न रूटों पर संचालन के लिए तय होगा रंग
– सड़क पर तय संख्या से ज्यादा नहीं होंगे वाहन
– दोनों वाहनों का अलग-अलग किराया होगा तय

पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप ही होगा संचालन
अब नगर में ऑटो और ई रिक्शा का पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप ही संचालन होगा। संचालकों को जीरो जोन, नो पार्किंग जोन, तय रूट और किराया आदि व्यवस्थाओं का पालन करना होगा। उल्लघंन पर चालान के साथ ही वाहन सीज किए जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस-ऑटो आएंगे व्हट्सअप के मंच पर
ट्रैफिक पुलिस और ऑटो संचालकों के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और ऑटो संचालक शामिल होंगे। व्हट्सएप ग्रुप के माध्यम से यातायात संचालन को लेकर पुलिस और संचालकों के बीच संवादहीनता की स्थिति नहीं रहेगी।

यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद चल रही है। इसके तहत पहले चरण में ऑटो संचालकों को पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने को कहा है। उल्लघंन पर कानूनी कार्रवाई होगी।
-प्रमोद शाह, सीओ सिटी, हल्द्वानी

संबंधित समाचार