हल्द्वानी: नैनीताल हाइवे पर खतरे ने उठाया सिर, गिरा पेड़
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल हाइवे पर ज्योलीकोट के पास जंगल की आग से झुलसा देवदार का पेड़ मार्ग पर जा गिरा। गनीमत रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। हालांकि पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गयी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पेड़ को हटाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल हाइवे पर ज्योलीकोट के पास जंगल की आग से झुलसा देवदार का पेड़ मार्ग पर जा गिरा। गनीमत रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। हालांकि पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गयी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पेड़ को हटाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु करवाया।
शहर के समीपवर्ती क्षेत्रों के जंगल बीते करीब दस दिनों से धधक रहे है। आग से झाड़ियों व वनस्पतिया तो नष्ट हो ही रही है, पेड़ों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है। शनिवार सुबह ज्योलीकोट क्षेत्र के जंगल धधकने लगे। इस दौरान नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग में सड़क किनारे स्थित एक देवदार के पेड़ ने भी आग पकड़ ली।
देखते ही देखते सुलग रहा पेड़ तेज हवा के झोंके के साथ हाईवे पर आ गिरा। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई वाहन नहीं आया। अलबत्ता वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सूचना पर ज्योलीकोट चौकी प्रभारी जोगा सिंह पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पेड़ को किनारे कर यातायात सुचारू करवाया। जोगा सिंह ने बताया कि इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
दुर्घटना का सबब बने जंगल की आग से झुलसे पेड़
जंगल की आग से झुलसे और सुलग रहे पेड़ वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का सबब बने हैं। आग की रोकथाम में नाकाम वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। हल्द्वानी से नैनीताल के बीच 15 किमी के सड़क के दायरे में सैकड़ों पेड़ खतरनाक बने हैं। इन्हें चिन्हित कर समय से ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो सड़क दुर्घटना या फिर जनधन हानि हो सकती है।
