IPL महासंग्राम 2021: कोलकाता के सामने हैदराबाद ने घुटने टेके, 10 रनों से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेन्नई। कोलकाता नाईट राइडर्स ने हैदराबाद को 10 रनों से हराते हुए मैच अपने नाम किया। सलामी बल्लेबाज नीतीश राणा (80) और राहुल त्रिपाठी (53) के आतिशी अर्धशतकों की बदौलत कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को आईपीएल 14 के तीसरे मुकाबले को एकतरफा अंदाज में 10 रन से जीत लिया। कोलकाता ने …

चेन्नई। कोलकाता नाईट राइडर्स ने हैदराबाद को 10 रनों से हराते हुए मैच अपने नाम किया। सलामी बल्लेबाज नीतीश राणा (80) और राहुल त्रिपाठी (53) के आतिशी अर्धशतकों की बदौलत कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को आईपीएल 14 के तीसरे मुकाबले को एकतरफा अंदाज में 10 रन से जीत लिया।

कोलकाता ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि हैदराबाद की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन ही बना सकी। हैदराबाद की तरफ से मनीष पांडेय ने नाबाद 61 और जानी बेयरस्टो ने 55 रन बनाये। अब्दुल समद ने मात्र आठ गेंदों में दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। मनीष पांडेय ने पारी के आखिरी ओवर में आंद्रे रसेल की अंतिम गेंद पर छक्का मारा लेकिन यह हैदराबाद को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था।

कोलकाता की तरफ से नीतीश राणा ने शुभमन गिल (15) के साथ पहले विकेट के लिए सात ओवर में 53 रन की शानदार साझेदारी की। गिल को करिश्माई लेग स्पिनर राशिद खान ने बोल्ड किया। गिल ने 13 गेंदों पर 15 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया।

राणा ने फिर राहुल त्रिपाठी के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की जबरदस्त साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने अपनी पारी के दौरान बेहतरीन चौके और छक्के लगाए। राणा ने छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। त्रिपाठी ने चौका लगाकार अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद ही वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन की गेंद को ऊंचा खेल गए और विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने अपने पीछे जाकर कैच लपका। त्रिपाठी ने 29 गेंदों पर 53 रन में पांच चौके और दो छक्के लगाए। आंद्रे रसेल ने आने की तुरंत बाद ही राशिद की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मनीष पांडेय को कैच थमा दिया।

रसेल ने पांच गेंदों में पांच रन बनाये। राणा ने रसेल का विकेट गिराने के बाद अपना धैर्य खोया और ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी की गेंद पर विजय शंकर को कैच देकर आउट हुए। राणा ने 56 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान इयोन मॉर्गन मात्र दो रन बनाकर नबी की गेंद पर पर अब्दुल समद के हाथों लपके गए। कोलकाता ने 160 के स्कोर पर दो विकेट गंवाए।

पिछले कप्तान दिनेश कार्तिक ने इस मुकाबले में नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के सहारे नाबाद 22 रन बनाये जबकि बंगलादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन मात्र तीन रन बनाकर आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर का शिकार बन गए। हैदराबाद की तरफ से राशिद खान ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए जबकि मोहम्मद नबी ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर और नटराजन को एक-एक विकेट मिला।

संबंधित समाचार