बरेली: नरसिंहानंद के विरोध में निकाला जुलूस, सौंपा ज्ञापन
बरेली,अमृत विचार। पैगम्बर-ए-इस्लाम की शान में बयान देने के बाद से ही गाजियाबाद के महंत नरसिंहानंद का मुस्लिम समुदाय ने विरोध शुरू कर दिया है। लगातार कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को खानकाह-ए- नियाजिया से सज्जादाशीन की मौजूदगी में विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोगों के साथ महिलाएं …
बरेली,अमृत विचार। पैगम्बर-ए-इस्लाम की शान में बयान देने के बाद से ही गाजियाबाद के महंत नरसिंहानंद का मुस्लिम समुदाय ने विरोध शुरू कर दिया है। लगातार कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को खानकाह-ए- नियाजिया से सज्जादाशीन की मौजूदगी में विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोगों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
नॉवल्टी चौराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ प्रथम ने ज्ञापन लेने के बाद जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी लोग शांति के साथ वापस लौट गए।
फैजान-ए-नियाजिया वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों नरसिंहानंद सरस्वती ने दिल्ली प्रेस क्लब में पैगम्बर मोहम्मद साहब के सम्मान के प्रति अशोभनीय टिप्पणी की थी, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आघात पहुंचा है। इसके विरोध में सोमवार को सज्जादानशीन अलहाज महेंदी मियां और डा. कमाल मियां नियाजी और खानदान के लोगों की मौजूदगी में एक विरोध जुलूस निकाला गया।
जुलूस सुबह 11 बजे खानकाह ए नियाजिया से शुरू हुआ। उसके बाद नावल्टी चौराहा पर सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार और सीओ प्रथम दिलीप सिंह को ज्ञापन दिया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि नरसिंहानंद पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की कि ऐसे अराजकता फैलाने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर शब्बू मियां नियाजी, हमजा मियां नियाजी, अली जैन नियाजी, राजी मियां नियाजी, जाहिद मियां नियाजी, अस्करी मियां नियाजी, जुनैदी मियां नियाजी, सय्यद यावर अली नियाजी, हसीन नियाजी समेत महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।
