हल्द्वानी: होटल के बंद कमरे में मिला भीमताल के ठेकेदार का शव
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीमताल के एक लेबर ठेकेदार की हल्द्वानी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव कठघरिया में एक होटल के कमरे से बरामद हुआ। शव के पास ही सल्फास की शीशी भी मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चुरी भेजा। पुलिस की प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीमताल के एक लेबर ठेकेदार की हल्द्वानी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव कठघरिया में एक होटल के कमरे से बरामद हुआ। शव के पास ही सल्फास की शीशी भी मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चुरी भेजा। पुलिस की प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
भीमताल के बानना गांव निवासी पंकज शर्मा (26) पुत्र रमेश चंद्र शर्मा सोमवार सुबह यहां आया था। उसने मुखानी थाना क्षेत्र के होटल में कमरा बुक कराया था। मंगलवार सुबह देर तक कमरा न खुलने पर होटल कर्मियों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मुखानी थाना प्रभारी सुशील कुमार व लामाचौड़ चौकी प्रभारी महेश जोशी ने कमरे का दरवाजा तुड़वाया तो भीतर बेड पर पंकज का शव पड़ा था। कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट पुलिस को बरामद नहीं हुआ। इसके चलते युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
लेनदेन के चलते उठाया आत्मघाती कदम
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने भीमताल में परिजनों से संपर्क साधा और घटना की जानकारी देकर हल्द्वानी बुलाया। परिजनों ने मुखानी पुलिस को बताया कि पंकज लेनदेन के चलते काफी समय से परेशान था। परिजनों से हुई पूछताछ से पुलिस इसे लेनदेन के चलते आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि किस-किससे और कितना लेनदेन था, अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है। एसओ ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने और परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
