काशीपुर: फूड पार्क में काम करने वाली युवती ने ठेकेदार, उसके भाई और दो भतीजों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। पिथौरागढ़ निवासी एक युवती ने हरिद्वार स्थित एक फूड पार्क के ठेकेदार, उसके भाई और दो भतीजों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह अक्टूबर …
काशीपुर, अमृत विचार। पिथौरागढ़ निवासी एक युवती ने हरिद्वार स्थित एक फूड पार्क के ठेकेदार, उसके भाई और दो भतीजों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह अक्टूबर 2020 में हरिद्वार स्थित एक फूड पार्क में नौकरी करती थी। जहां उसकी मुलाकात काशीपुर निवासी जगदीश प्रजापति से हुई। कहा कि जगदीश ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेम प्रसंग में फंसा लिया। इसी मेल-जोल के दौरान जगदीश ने उसके साथ कई बार नशा देकर शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो क्लीपिंग बना ली। क्लीपिंग वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार दुष्कर्म करता रहा। इसी दबाव में उसने जगदीश से 24 जनवरी 2021 को हरिद्वार स्थित एक मंदिर में विवाह कर लिया और उसके साथ रहने लगी।
कुछ दिन बाद जगदीश हरिद्वार से गायब हो गया। मोबाइल से संपर्क करने पर जगदीश ने उसे साथ रखने से मना कर दिया। बाद में उसे जानकारी हुई कि जगदीश पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। कहा कि 12 अप्रैल को आरोपी ने फोन कर उसे काशीपुर एमपी चौक पर बुलाया और उसे एक होटल में ले गया। कमरे में पहले से उसका भाई और दो भतीजे मौजूद थे। जहां जगदीश समेत चारों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। कहा कि जब वह बाहर भागने लगी तो होटल वाले ने भी गेट बंद कर दिया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 376डी, 323, 328, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
