बनबसा: एएनएम की लगी कोरोना ड्यूटी, गर्भवती और बच्चों का नहीं हो रहा टीकाकरण
बनबसा, अमृत विचार। एएनएम सेंटर में एक पखवाड़े से गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है। एएनएम सेंटर में तैनात एएनएम की टनकपुर पावर स्टेशन स्थित चिकित्सालय में कोरोना वैक्सिनेशन में ड्यूटी लगने से काम प्रभावित हो रहा है। बनबसा स्थित एएनएम सेंटर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों का सप्ताह में दो दिन …
बनबसा, अमृत विचार। एएनएम सेंटर में एक पखवाड़े से गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है। एएनएम सेंटर में तैनात एएनएम की टनकपुर पावर स्टेशन स्थित चिकित्सालय में कोरोना वैक्सिनेशन में ड्यूटी लगने से काम प्रभावित हो रहा है।
बनबसा स्थित एएनएम सेंटर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों का सप्ताह में दो दिन टीकाकरण किया जाता है, लेकिन यहां तैनात एकमात्र एएनएम विनीता सिंह की एक अप्रैल से टनकपुर स्थित पावर स्टेशन स्थित चिकित्सालय में चल रहे कोरोना वैक्सिनेशन के काम में ड्यूटी लगाई गई है।
इस कारण पखवाड़े भर से एएनएम सेंटर में ताला लटका है और गर्भवती महिलाओं, बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है। इस बाबत सीएमएस डाॅ.एचएस ह्यांकी ने बताया कि एएनएम को कोरोना ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। वह अभी छुट्टी पर हैं, उनके छुट्टी से लौटने के बाद टीकाकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा।
टनकपुर पावर स्टेशन के चिकित्सालय में वैक्सीन खत्म
टनकपुर पावर स्टेशन स्थित चिकित्सालय में बुधवार को कोरोना वैक्सीन खत्म हो गई। इस दौरान सिर्फ 60 लोगों को ही वैक्सीन लगाई जा सकी, इसके बाद वैक्सिनेशन का काम ठप हो गया है। नोडल अधिकारी डाॅ.उमर ने बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन बनबसा स्थित चिकित्सालय में बुधवार को 60 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगने के बाद खत्म हो गई। बृहस्पतिवार को वैक्सीन आने पर टीकाकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
