आईआईटी रुड़की के हॉस्टल में क्वारंटीन एमटेक के छात्र की संदिग्ध हालत में मौत से मचा हड़कंप
रुड़की, अमृत विचार। आईआईटी रुड़की के हॉस्टल में क्वारंटीन एमटेक सेकंड ईयर के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपने कमरे में बेहोश पाया गया, जिसके बाद उसे संस्थान के अस्पताल और फिर वहां से रुड़की सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से …
रुड़की, अमृत विचार। आईआईटी रुड़की के हॉस्टल में क्वारंटीन एमटेक सेकंड ईयर के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपने कमरे में बेहोश पाया गया, जिसके बाद उसे संस्थान के अस्पताल और फिर वहां से रुड़की सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि वह कोरोना पॉजिटिव छात्रों के संपर्क में आया था, उसकी आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र के मुंह से झाग निकल रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण पता चलेगा। आईआईटी रुड़की की मीडिया सेल की प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव के अनुसार, एमटेक सेकंड ईयर का छात्र प्रेम सिंह निवासी चंडीगढ़ 11 अप्रैल से कोरोना पॉजिटिव छात्रों के संपर्क में आने के चलते हॉस्टल के अपने कमरे में क्वारंटीन था, लेकिन उनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव थी। बुधवार दोपहर बाद उसके दोस्तों ने बेहोशी की हालत में उसे उसके कमरे में देखा तो संस्थान प्रशासन को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में उसे आईआईटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रुड़की सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
