बरेली कॉलेज के शिक्षकों पर कहर बनकर टूट रहा कोरोना
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की चपेट में लगातार शिक्षक आ रहे हैं। बरेली कॉलेज और विश्वविद्यालय के कई शिक्षक संक्रमित हो चुके हैं। अब तक जिले में तीन शिक्षकों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सोमवार को बरेली इंटर कॉलेज के शिक्षक की मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित थे और एक दिन पहले ही …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की चपेट में लगातार शिक्षक आ रहे हैं। बरेली कॉलेज और विश्वविद्यालय के कई शिक्षक संक्रमित हो चुके हैं। अब तक जिले में तीन शिक्षकों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सोमवार को बरेली इंटर कॉलेज के शिक्षक की मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित थे और एक दिन पहले ही उनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी थी।
उनके पिता की भी कुछ दिनों पहले ही मौत हुई थी। एक दिन पहले ही डायट के प्रवक्ता की भी कोरोना से मौत हो गई थी। इससे पहले बरेली कॉलेज के वाणिज्य विभाग के शिक्षक की मौत हो चुकी है।
बरेली कॉलेज में सबसे पहले चार शिक्षक संक्रमित हुए थे, जिनमें तीन शिक्षिका थीं। इसमें वाणिज्य विभाग के शिक्षक डा. भारतेंदु शर्मा की कोरोना से मौत हो गई थी। उनकी पत्नी की भी तीन दिन पहले मौत हुई थी। अब कॉलेज के चार अन्य शिक्षक संक्रमित हो गए हैं। जिसमें वाणिज्य विभागाध्यक्ष , सैन्य अध्ययन विभागाध्यक्ष , एमएड विभाग की शिक्षिका व ड्राइंग एंड पेंटिंग के शिक्षक संक्रमित पाए गए हैं। सैन्य अध्ययन के विभागाध्यक्ष की पत्नी भी संक्रमित बतायी जा रही हैं। बरेली कॉलेज के अन्य शिक्षक घबराए हुए हैं।
प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने बताया कि उन्होंने सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। वह खुद बिना मास्क के नहीं निकल रहे हैं। बरेली कॉलेज की चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि कई शिक्षक संक्रमित हो गए हैं। बरेली इंटर कॉलेज के अंग्रेजी के शिक्षक विनय कटियार की मौत हो गई है। उन्होंने बरेली कॉलेज से ही पढ़ाई की थी। उन्होंने बरेली की कई कोचिंग में भी पढ़ाया था। कॉलेज परिसर के दो शिक्षकों की मौत से सभी शिक्षक घबरा गए हैं।
विश्वविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी संक्रमित
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एनिमल साइंस के शिक्षक कोरोना संक्रमित हुए हैं। उनका पूरा परिवार संक्रमित हुआ है। तबियत खराब होने पर उन्हें निजी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य परिवार घर में ही क्वारंटाइन है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन का एक कर्मचारी भी संक्रमित है। चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या ने बताया कि सभी शिक्षकों को ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी तरह के लक्षण आ रहे हैं तो उन्हें जांच कराने के लिए बोला है। सभी लोग मास्क जरूर लगाएं और सामाजिक दूरी का भी पालन करें।
