बनबसा: निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर भी सात दिन का होम क्वारंटीन जरूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। चंपावत जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने काफी सख्ती बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों से आने वालों को निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के साथ ही जिले में रुकने पर सात दिन के होम क्वारंटीन की शर्त पर ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जबकि …

बनबसा, अमृत विचार। चंपावत जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने काफी सख्ती बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों से आने वालों को निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के साथ ही जिले में रुकने पर सात दिन के होम क्वारंटीन की शर्त पर ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जबकि बिना जांच रिपोर्ट के आने वालों की जांच कर 14 दिन का होम क्वारंटीन किया जा रहा है।

वहीं, कोविड कर्फ्यू के बाद से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सीमांत क्षेत्र में दौरे काफी बढ़ गए हैं। बुधवार को एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, सीओ अविनाश वर्मा, बनबसा थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी ने जगबूढ़ा पुल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने अधीनस्थों को बिना जांच-पड़ताल के किसी को भी जिले में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए। सीओ ने जिले में आ रहे लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक करने और होम क्वारंटीन शत-प्रतिशत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहरी प्रदेशों से आ रहे लोगों को अपने घरों पर ही रहने, नियमित रूप से हाथों को धोने, मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने, किसी भी प्रकार के कोरोना संबंधी लक्षण सामने आने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच करने को लेकर भी जागरूक किया।

उधर, जगबूढ़ा पुल पर मां पूर्णागिरि धाम के अलावा बाहरी राज्यों से आने वालों के उत्तराखंड पोर्टल में रजिस्ट्रेशन, 72 घंटे पहले की निगेटिव रिपोर्ट चेक की जा रही है। इसके बाद उसे जिले में रुकने पर सात दिन का होम क्वारंटीन करने पर प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जबकि रिपोर्ट नहीं लाने पर जगबूढ़ा पुल पर जांच की जा रही है और 14 दिन का होम क्वारंटीन करने के शर्त पर प्रवेश दिया जा रहा है।

जगबूढ़ा पुल पर बढ़ाई कर्मियों की संख्या

जांच-पड़ताल के काम में अव्यवस्था न फैले, इस कारण जगबूढ़ा पुल पर कार्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। यहां पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलावा शिक्षा, राजस्व विभाग के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, बुधवार को थानाध्यक्ष सोलंकी ने खुद ही लोगों को लाइन पर लगवाकर उनकी कोरोना जांच करवाई। इसके बाद ही उन्हें जिले की सीमा में प्रवेश करने दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान भी काटे हैं।

संबंधित समाचार