हल्द्वानी: दोपहर 12 बजे से पहले जाम और बाद में सन्नाटा
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर बाजार बंदी का आदेश ही संक्रमण का कारण बन सकता है। लॉकडाउन नियमों सोशल दूरी और मास्क पहनने का पालन नहीं हो रहा है इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। वर्तमान में कोरोना कफर्यू में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक महज पांच …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर बाजार बंदी का आदेश ही संक्रमण का कारण बन सकता है। लॉकडाउन नियमों सोशल दूरी और मास्क पहनने का पालन नहीं हो रहा है इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
वर्तमान में कोरोना कफर्यू में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक महज पांच घंटे ही जरूरी सेवाओं की दुकानें खोलने की अनुमति है। आमतौर पर लोग सुबह नौ-10 बजे के बाद ही खरीदारी के लिए निकलते हैं ऐसे में सिर्फ दो घंटे का ही समय होता है। इस वजह से सुबह 10 से दोपहर 12 दो घंटों तक मंगल पड़ाव बाजार, फल मंडी और सब्जी मंडी में खासा भीड़ होती है। हालात ये हो जाती है कि सोशल दूरी और मास्क पहनने जैसे नियमों का पालन होता है।
इधर प्रशासन ने इसकी रोकथाम के लिए पुलिस-प्रशासन कर्मचारियों की संयुक्त टीमें लगाई हैं जो बाजार में मास्क नहीं पहनने और सोशल दूरी का पालन नहीं करने पर चालान कर रही है लेकिन इससे संक्रमण का खतरा कम नहीं हो रहा है। इधर दोपहर 12 बजे के बाद शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इक्का दुक्का वाहनों को छोड़कर सड़कों पर बैरियर पर तैनात पुलिस वाहनों की चेकिंग करती दिखाई देती है। सभी होटल, दुकानें बंद होने से लोगों को जरूरत का सामान नहीं मिल पाता है।
पुलिस ने किया चालान
पुलिस ने दोपहर बाद बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मंगल पड़ाव में निर्धारित अवधि के बाद भी मीट व अन्य दुकानें खुली मिली। इस पर पुलिस ने दुकान संचालकों की फटकार लगाई और उनका चालान किया। साथ ही भविष्य में फिर निर्धारित अवधि में ही दुकानें खोलने की हिदायत दी।
