बनबसा: फौजी की फर्जी आईडी बनाकर ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। सोशल मीडिया में फौजी के नाम की फर्जी आईडी बनाकर ऑनलाइन वाहन बेचने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने टटलू गैंग के सदस्य रजाक (39) निवासी राधानगरी, तहसील एवं थाना कामा जिला भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया …

बनबसा, अमृत विचार। सोशल मीडिया में फौजी के नाम की फर्जी आईडी बनाकर ऑनलाइन वाहन बेचने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने टटलू गैंग के सदस्य रजाक (39) निवासी राधानगरी, तहसील एवं थाना कामा जिला भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार टटलू गैंग के सदस्य देशभर के लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। ये फेसबुक आईडी हैक कर मैसेंजर तथा ओएलएक्स, फेसबुक, वाट्सएप के माध्यम से फौजी के नाम की फर्जी आई बनाकर वाहन आदि बेचते हैं और भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लेते हैं। ये अपने गैंग को मेवात और अलवर राजस्थान से संचालित करते हैं तथा छोटे-छोटे गैंग बनाकर यह लोग काम करते हैं। ऐसा ही एक ठगी का मामला फरवरी 2021 में टनकपुर थानांतर्गत सामने आया था, जिसमें साइबर ठग ने टनकपुर के सैलानीगोठ निवासी सूरज राय को खुद को फौजी बताया तथा दूसरी जगह पोस्टिंग होने के कारण ऑनलाइन बाइक बेचने के नाम पर ओएलएक्स से 40 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। इस पर पुलिस ने धारा 420 आईपीसी और 66डी आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है।

इधर, बनबसा थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि एसपी के आदेश एवं सीओ के निर्देशन में घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उनके नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिशें दी और कई स्थानों पर लोकेशन ट्रेस की। आखिरकार आरोपी की लोकेशन राजस्थान में मिली। इस पर टीम ने बुधवार शाम रजाक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लोहाघाट जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सोलंकी के अलावा प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल हरपाल सिंह, शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह बिष्ट, कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, सद्दाम हुसैन, भुवन पांडे शामिल थे।

संबंधित समाचार